पटना में आरजेडी प्रमुख के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना में उन्होंने करीब 20 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी का आरोप लगाया है।

तेज प्रताप यादव ने इस मामले में सचिवालय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय को इस घटना का आरोपी बताया है, जो वैशाली जिले के निवासी हैं।

आरोप के अनुसार, 22 जून को 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास में रखी अलमारी से पार्टी फंड के 20 लाख रुपये सहित अन्य कीमती सामान गायब हो गया। तेज प्रताप का कहना है कि उसी दिन रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदते हुए देखा था।

दोनों ड्राइवरों को इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। शिकायत में तेज प्रताप यादव ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में तेज प्रताप यादव लगातार विवादों और कानूनी मामलों को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और अपने परिवार को लेकर भी बयान दिया था।