छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव को लेकर प्रचार अब जोर पकड़ने लगा है। छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अलग-अलग जगहों पर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपका छत्तीसगढ़ में क्या काम है, आप तो इस देश के प्रधानमंत्री हैं। भाजपा पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल में कुछ नहीं किया। अगर हमने 70 साल में कुछ नहीं किया होता तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बनते। हमने इस देश का संविधान बचाया; इसीलिए आप उस कुर्सी पर बैठे हैं। 

खड़गे ने कहा कि हम बिना कुछ किए वोट नहीं मांग रहे हैं। जब हम केंद्र में थे तो मनरेगा योजना लाए, खाद्य सुरक्षा कानून लाए और बच्चों की शिक्षा के लिए काम किया...आज जो दिख रहा है वो पीएम मोदी की वजह से नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी और अमित शाह यहां आकर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, झूठ बोलकर कांग्रेस को बदनाम करते हैं। वे कुछ ऐसा ही कर्नाटक में भी किया करते थे, लेकिन हमने कर्नाटक में BJP की 40% भ्रष्टाचार वाली सरकार को हटा दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ विपक्ष की राज्य सरकारों को परेशान करने का काम करती है। छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से जो पैसा मिलना चाहिए, वो आज भी नहीं मिल रहा है। मोदी जी, यह आपका पैसा नहीं है। यह जनता के टैक्स का पैसा है, उनके हक का पैसा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में बड़े-बड़े कारखाने खोले हैं। लेकिन PM मोदी ने देश में 'झूठ बोलने का कारखाना' खोला है। उन्होंने कहा कि PM मोदी कभी लोगों के बीच में नहीं जाते, वे सिर्फ दूर से ही दर्शन देते हैं। लेकिन हमारे नेता आपके बीच में रहते हैं। इसलिए जो नेता आपके साथ है, आपके लिए काम करता है... उसे ही वोट दें। उन्होंने कहा कि विधानसभा की चुनावी रैलियों में PM मोदी कहते हैं- आप सभी मोदी को देखकर वोट दें। मोदी जी, आप प्रधानमंत्री हैं। आपका छत्तीसगढ़ में क्या काम? उन्होंने कहा कि देश को एक रखने के लिए इंदिरा गांधी जी, राजीव गांधी जी समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने अपनी जान कुर्बान कर दी। लेकिन BJP सरकार फिर भी पूछती है- कांग्रेस ने क्या किया? BJP सिर्फ देश को तोड़ने का काम करती है।