उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस संबंध में शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं और सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से किया गया है। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, वहीं कुछ अधिकारियों को अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



इससे पहले रविवार देर रात भी सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए थे। उस सूची में 15 जिलों के डीएम बदले गए थे, जिनमें से 8 को एक जिले से हटाकर दूसरे जिले की कमान सौंपी गई थी। साथ ही 7 अधिकारियों को पहली बार जिलाधिकारी बनने का मौका दिया गया था।
ताजा आदेश के तहत कई जिलों में नए डीएम नियुक्त किए गए हैं। गौरांग राठी को झांसी, कुमार हर्ष को बुलंदशहर, अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर, मनीष बंसल को आगरा और नितिन गौड़ को अमरोहा का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती, आलोक यादव को शामली, अभिषेक गोयल को हमीरपुर और सरनजीत कौर को रायबरेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त बनाया गया है, जबकि किंजल सिंह को माध्यमिक शिक्षा विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। दुर्गा शक्ति नागपाल को देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
ऊर्जा, पर्यटन, कृषि, श्रम, खाद्य और अन्य विभागों में भी कई अधिकारियों के पद और जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वहीं कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों और विश्वविद्यालयों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया है।
लगातार हो रहे इन तबादलों को राज्य सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।