दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। AAP ने एक बार फिर कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में उसने खुद जीतने के बजाय बीजेपी को सत्ता में लाने के लिए चुनाव लड़ा।
AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने 1 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस के प्रयास इस बात के संकेत देते हैं कि उसने AAP को हराने के लिए रणनीति बनाई थी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की केंद्रीय कार्यकारिणी (CEC) में यह तय किया गया था कि चाहे चुनाव में बीजेपी जीत जाए, लेकिन अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को जीतने नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाया और उनके खिलाफ रणनीति बनाई, जबकि सामान्य उम्मीदवारों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि कांग्रेस ने पूरी ताकत के साथ अरविंद केजरीवाल को हराने का प्रयास किया और 46 करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि AAP ने 14 करोड़ और बीजेपी ने 57 करोड़ रुपए खर्च किए।
AAP नेता ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस का वास्तविक आधार वहां नहीं है, बल्कि कार्यकर्ता RJD के हैं और प्रचार राहुल गांधी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव में घिनौनी राजनीति अपनाई, जो 1984 के दंगों जैसी है।