दिल्ली के मयूर विहार इलाके में स्थित स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में मंगलवार शाम एक कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नोएडा निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौके से अस्थमा से संबंधित दवाइयाँ बरामद हुई हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत प्राकृतिक कारणों जैसे हार्ट अटैक या दम घुटने से हुई हो सकती है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल को सील कर दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक निरीक्षण में यह संभावना जताई जा रही है कि यह हत्या नहीं बल्कि आकस्मिक मौत हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी को शाम लगभग 5:55 बजे मयूर विहार पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि मॉल में खड़ी कार के अंदर एक व्यक्ति बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।
इस बीच मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है और कानून के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।