राजधानी दिल्ली में अब लोग हॉट एयर बैलून की सवारी करते हुए शहर के प्राकृतिक सौंदर्य का नज़ारा ले सकेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) पहली बार राजधानी में हॉट एयर बैलून सेवाओं की शुरुआत करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य राजधानी में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देना, नागरिकों को नया मनोरंजन विकल्प उपलब्ध कराना और यमुना किनारे विकसित किए गए हरित क्षेत्रों को नई पहचान दिलाना है।
डीडीए के अनुसार, यह परियोजना उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की पहल पर तैयार की गई है। हॉट एयर बैलून सेवाएं यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, और यमुना के तट पर स्थित असिता तथा बांसेरा पार्क में शुरू की जाएंगी। इसके लिए डीडीए ने एक निजी एजेंसी को चुना है जिसे प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए संचालन का अधिकार दिया गया है। इस अवधि को आवश्यकता पड़ने पर अधिकतम नौ वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है। एजेंसी को प्रत्येक स्थल पर लगभग 3600 वर्गमीटर (60×60 मीटर) क्षेत्र उपयोग के लिए दिया जाएगा।
जल्द शुरू होंगी उड़ानें, तय होगा टिकट मूल्य
इन सेवाओं का संचालन अगले दो महीनों में शुरू किए जाने की योजना है। हर दिन चार घंटे की उड़ान संचालन की अनुमति दी गई है, जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकेगा। यह पूरी व्यवस्था राजस्व साझेदारी मॉडल के तहत संचालित होगी, जिसमें टिकट की दरें डीडीए की अनुमति से निर्धारित होंगी। टिकट से प्राप्त संपूर्ण राजस्व डीडीए के खाते में जमा होगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी।
यमुना किनारे इको-टूरिज्म हब
डीडीए ने पिछले कुछ वर्षों में यमुना क्षेत्र के कायाकल्प के लिए कई कदम उठाए हैं। असिता, जो पहले अतिक्रमण की चपेट में था, अब एक हरित क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है। वहीं बांसेरा पार्क, जो पहले मलबे का डंपिंग स्थल था, अब करीब 30 हजार बांस के पौधों, तीन जलाशयों और एक म्यूजिकल फव्वारे से सुसज्जित थीम पार्क का रूप ले चुका है।
खेल परिसरों का नया स्वरूप
यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जो सुरजमल विहार में स्थित है, दिल्ली का सबसे बड़ा खेल परिसर है। वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार किया गया था। अब इन परिसरों को ईको-पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।