हरियाणा के कुरुक्षेत्र में खेड़ी रामनगर फाटक के नजदीक एक युवक ने मालगाड़ी के आगे खड़ा होकर आत्महत्या कर ली। हाल ही में युवक ऑस्ट्रेलिया से अपने घर लौटा था। मृतक की शिनाख्त प्रिंस देशवाल 25 निवासी सेक्टर-तीन के रूप में हुई। प्रिंस गीता जयंती देखने के लिए घर से निकला था। राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र में दिए बयान में रण सिंह ने बताया कि उसकी पिपली अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। उसका छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में अपने भाई और बहन के साथ रहता था। दो दिन पहले नौ दिसंबर को ही प्रिंस ऑस्ट्रेलिया से घर आया था। घर आने के बाद वह मानसिक रूप से कुछ परेशान लग रहा था।
दोपहर को वह खाना खाने के बाद गीता जयंती में जाने के लिए घर से निकला था। बाद को जीआरपी ने उनको सूचना दी कि प्रिंस ने मालगाड़ी के आगे खड़ा होकर आत्महत्या कर ली। मानसिक रूप से परेशानी के चलते प्रिंस ने यह कदम उठाया होगा। प्रिंस ऑस्ट्रेलिया में ही पीआर था। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
ड्राइविंग लाइसेंस से हुई शिनाख्त
जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी टीम को युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से मृतक की शिनाख्त हो गई थी। पुलिस ने पिता के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।