मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष झूठ के सबसे बड़े सौदागर हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गलत फीडबैक दे रहे हैं। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में टॉयलेट टैक्स का प्रचार कर रहे हैं। उन्हें अफसोस होता है कि देश के प्रधानमंत्री ऐसी बातें बोलते हैं। प्रधानमंत्री को जयराम जो फीडबैक देते हैं, उन्हें इस पर सोचना चाहिए कि ये किस प्रकार की बातें कर रहे हैं। उन्हें इस प्रकार का प्रचार नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) एवं अस्पताल शिमला में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर के लोकार्पण के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को बोलना चाहिए कि झूठ की मशीन प्रधानमंत्री के मुंह में नहीं डालनी चाहिए। सुक्खू ने कहा कि 20 महीने की सरकार ने कोई टैक्स नहीं लगाया है। सोशल मीडिया पर झूठ परोसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नाम बड़ी झूठी पार्टी होना चाहिए। सीएम ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पता नहीं क्या-क्या बोलते रहते हैं। नए-नए नाम खोजते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा झूठ अगर किसी ने बोला है तो वह हैं नेता प्रतिपक्ष जयराम और सबसे बड़े झूठे पर ही टैक्स लगाया जाना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि पता नहीं कहां से कभी टॉयलेट टैक्स की बात करते हैं, जो कहीं है ही नहीं। कभी बोलते हैं कि खेल टैक्स लग गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 75 लाख परिवार रहते हैं।
किसी के पास टॉयलेट टैक्स का बिल नहीं गया है। जबसे सरकार आई है, तबसे कभी खराब आर्थिक स्थिति तो कभी कुछ और बात करते हैं। अगर किसी चीज को सही करने की दिशा में व्यवस्था परिवर्तन करते हैं तो उस पर भी गलत बात करते हैं। हिमाचल की जनता पर कोई टैक्स लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा जो इनवेस्टमेंट ड्रेन हुआ है, वह पूर्व भाजपा सरकार की वजह से हुआ है। भाजपा ने जनता की संपदा को लूटा है और लुटाया है। उसे हमारी सरकार ठीक कर रही है।
आईजीएमसी और टांडा में मिलेंगी एम्स जैसी सुविधाएं
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने स्वास्थ्य संस्थानों में जाकर व्यक्तिगत तौर पर सुविधाओं के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से सभी मेडिकल कॉलेजों का बुरा हाल किया, उसे माफ नहीं किया जाएगा। हम अपने संसाधनों से अब इन्हें मजबूत कर रहे हैं। आने वाले समय में दो मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मरीजों के लिए जो बेड लगे हैं, वह एम्स के मुकाबले के लगे हैं।