जम्मू के अखनूर में हुए सड़क हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।

वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, ' मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के टूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 20 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।