पठानकोट के पास रणजीत सागर डैम में बीते मंगलवार (3 अगस्त) को आर्मी का ALH रुद्रा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। घटना के बाद लापता हुए हेलिकॉप्टर के पायलट व को-पायलट का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। इस हेलिकॉप्टर को पायलट एएस बाठ और को-पायलट जयंत जोशी उड़ा रहे थे। सेना ने तीन दिन से दोनों को ढूंढने के लिए रणजीत सागर डैम में सर्च ऑपरेशन चला रखा है मगर कोई सफलता न मिलती देखकर अब दिल्ली से स्पेशल टीम बुलाने का आग्रह किया गया है। गौरतलब है कि 254 आर्मी एविएशन का यह हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग उड़ान पर था और इसके पायलट को कम ऊंचाई पर उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। हादसे के बाद चॉपर के कलपुर्जे खोज लिए गए हैं।

आर्मी पीआरओ ने बताया था कि रणजीत सागर डैम में क्रैश हुए हेलिकॉप्टर के पायलट एएस बाठ और को-पायलट जयंत जोशी अभी तक लापता हैं। आर्मी हेलिकॉप्टर क्रैश होने की खबर मिलते ही NDRF और पंजाब पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। लेकिन डैम की गहराई ज्यादा होने की वजह से अभी तक उन्हें खोजा नहीं जा सका। आर्मी की एविएशन स्क्वॉड्रन के रुद्रा हेलिकॉप्टर ने मामून कैंट से गत मंगलवार सुबह 10:20 बजे उड़ान भरी थी। रणजीत सागर डैम के ऊपर हेलिकॉप्टर काफी नीचे उड़ान भर रहा था और इसी दौरान वह क्रैश हो गया।