सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। शनिवार को संदना थाना क्षेत्र में सिधौली–मिश्रिख मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां टूरिस्ट बस और एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए। सभी यात्री लखनऊ की सचिवालय कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस लखनऊ से नैमिष धाम की ओर जा रही थी, तभी रालामऊ गांव के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों को चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि कार चालक चंदन शर्मा, निवासी एलडीए कॉलोनी सेक्टर-G, कानपुर रोड लखनऊ, इस हादसे में घायल हुआ था। हालांकि घटना के बाद वह मौके से कार लेकर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।