उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जेठ ने विवाहिता के कमरे में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। मामले में पीड़िता ने पहले भी पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी में 33 लाख रुपये कैश और आभूषण दिए गए
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 14 अप्रैल 2025 को मेरठ के आनंद निकेतन कॉलोनी के कृष्ण गोपाल से हुई थी। शादी में उनके परिवार ने करीब 33 लाख रुपये, आभूषण और घरेलू सामान दिए थे। इसके बावजूद पति कृष्ण गोपाल, जेठ योगेश सैनी और जेठानी प्रभा ने अतिरिक्त 15 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
जेठ ने किया दुष्कर्म का प्रयास
मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना सहनी पड़ी। 24 जून 2025 को जब पति और जेठानी घर पर नहीं थे, तब जेठ ने उनके कमरे में घुसकर विरोध करने पर छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि उसने गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।