मुजफ्फरनगर जिले में नगर पालिका सीट पर समाजवादी पार्टी ने लवली शर्मा को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जबकि बुढाना नगर पंचायत सीट पर सपा ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी की भाभी उमा त्यागी को उम्मीदवार बनाया है। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने दोनों उम्मीदवारों के नाम की पुष्टि करते हुए शीघ्र ही सिंबल जारी करने की घोषणा की।
मुजफ्फरनगर में निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन में अब सिर्फ 2 दिन बाकी है। सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने मुजफ्फरनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने लखनऊ से बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अनुमोदन पर राकेश शर्मा की पत्नी लवली शर्मा को नगर पालिका अध्यक्ष पद पर सपा ने प्रत्याशी बनाया है।
2017 विधानसभा चुनाव में सदर सीट से बसपा प्रत्याशी राकेश शर्मा की पत्नी है लवली शर्मा
उन्होंने बताया कि बुढ़ाना नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा ने उमा त्यागी पत्नी सुबोध त्यागी को पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उमा त्यागी सपा जिलाध्यक्ष रहे प्रमोद त्यागी की भाभी और सुबोध त्यागी की पत्नी है। सुबोध त्यागी डीसीडीएफ चेयरमैन रह चुके हैं। जबकि लवली शर्मा 2017 विधानसभा चुनाव में सदर सीट से बसपा प्रत्याशी रहे राकेश शर्मा की धर्मपत्नी है। राकेश शर्मा ने बसपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया था। गत विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने सपा से टिकट मांगा था।