यूपी खनन विभाग में बड़ा फेरबदल, 11 जिला खनन अधिकारियों के तबादले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में एक सहायक भूवैज्ञानिक, एक रसायन अधिकारी, एक क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी समेत 11 जिला खनन अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। खनन प्रभावित जिलों सहारनपुर, चित्रकूट और फतेहपुर में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।
जारी आदेश के अनुसार जिला खान निरीक्षक नरेश कुमार को संत कबीर नगर से स्थानांतरित कर फतेहपुर भेजा गया है। शिव दयाल सिंह को मैनपुरी से सुलतानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विपेंद्र कुमार राजभर को फतेहपुर से श्रावस्ती, जबकि मंटू कुमार सिंह को चित्रकूट से मैनपुरी स्थानांतरित किया गया है।
इसी क्रम में सुभाष सिंह को पीलीभीत से मथुरा, विवेक कुमार को श्रावस्ती से चित्रकूट, अक्षय कुमार को मथुरा से संत कबीर नगर, प्रांजुल सिंह को उन्नाव से पीलीभीत और गोपाल कृष्ण दत्ता को लखनऊ मुख्यालय से ललितपुर भेजा गया है। अनंत कुमार को कानपुर देहात से सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा एक अन्य सुभाष सिंह को सहारनपुर से कानपुर देहात स्थानांतरित किया गया है। विभागीय सूची में सहायक भू-वैज्ञानिक सोमेंद्र तिवारी को मुख्यालय लखनऊ से फतेहपुर का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सहायक रसायन अधिकारी डॉ. सुशील कुमार को बिजनौर का खनन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी अनंत कुमार सिंह को अयोध्या के साथ-साथ बाराबंकी जिले का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। विभाग का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.