राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रसिद्ध वकील उज्ज्वल निकम, केरल के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी. सदानंदन मस्ते, पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा में मनोनीत किया है। इस संबंध में अधिसूचना गृह मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी की गई।

राज्यसभा के लिए नामित किए गए हर्षवर्धन श्रृंगला भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1984 बैच के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। अपने लगभग 35 वर्षों के राजनयिक करियर में उन्होंने देश और विदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

वे अमेरिका में भारत के राजदूत (2019) रह चुके हैं। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त और थाईलैंड में राजदूत के रूप में सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त उनका कार्य अनुभव यूनेस्को (फ्रांस), संयुक्त राष्ट्र (न्यूयॉर्क), वियतनाम, इजराइल और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों में भी रहा है।

उन्होंने विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (महानिदेशक) के रूप में भी कार्य किया, जहां उन्हें बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार और मालदीव जैसे देशों की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्ष 2020 में वे भारत के 33वें विदेश सचिव नियुक्त किए गए।

हर्षवर्धन श्रृंगला ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक की शिक्षा ली थी और भारतीय विदेश सेवा में आने से पहले कॉर्पोरेट और सार्वजनिक क्षेत्र में कार्य कर चुके हैं।