मुजफ्फरनगर। देश के प्रतिष्ठित कांस्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव प्रशासन पद के चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने चुनावी मैदान में उतरकर लंबे समय से इस पद पर काबिज पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को सीधी टक्कर दे दी है।
12 अगस्त को होंगे चुनाव, 1300 से अधिक सांसद करेंगे मतदान
क्लब के सचिव प्रशासन और 11 सदस्य पदों के लिए मतदान आगामी 12 अगस्त को प्रस्तावित है। अब तक तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। कांस्टिट्यूशन क्लब में लोकसभा अध्यक्ष पदेन अध्यक्ष होते हैं, जबकि सचिव प्रशासन का पद संस्था में दूसरा सबसे प्रभावशाली पद माना जाता है।
इस क्लब की सदस्यता देशभर के मौजूदा और पूर्व मंत्री, सांसदों को प्राप्त है। लगभग 1300 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव की खास बात यह है कि इसमें राजनीतिक दलों की बजाय व्यक्तिगत संबंध और आपसी संवाद निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
25 साल से पद संभाल रहे हैं राजीव प्रताप रूडी
राजीव प्रताप रूडी पिछले ढाई दशक से इस पद पर सक्रिय हैं। पहले तीन बार उन्होंने प्रतिद्वंद्वियों को हराया, जबकि पिछली दो बार से उन्हें निर्विरोध चुना गया है। लेकिन इस बार डॉ. संजीव बालियान के मैदान में उतरने से मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
तीन पदों पर निर्विरोध चयन
अब तक सचिव (संस्कृति) पद पर तिरुचि शिवा, सचिव (खेल) के लिए राजीव शुक्ला और कोषाध्यक्ष पद पर एपी जितेंद्र रेड्डी को निर्विरोध चुना गया है। इन पदों पर नामांकन वापस लेने के चलते चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी।
सदस्य पद के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में
क्लब के 11 सदस्य पदों के लिए कुल 14 दिग्गज मैदान में हैं। इनमें नरेश अग्रवाल, दीपेंद्र हुड्डा, नवीन जिंदल, प्रसून बनर्जी, श्रीरंग आप्पा, कालिकेश एन सिंह देव, प्रदीप गांधी, जसबीर सिंह गिल, असलम शेर खान, एनके प्रेमचंद्रन, अनूप सिंह, कृष्ण प्रसाद टेन्नटी, प्रदीप कुमार वर्मा और अक्षय यादव जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
क्लब बना सियासी गतिविधियों का केंद्र
राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े इस प्रतिष्ठित क्लब को दिल्ली में वीआईपी और वीवीआईपी स्तर के संवाद व रणनीति के प्रमुख केंद्र के रूप में देखा जाता है। ऐसे में चुनावी नतीजे राजनीतिक हलकों में खासा महत्व रखेंगे।