दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब जाने वाले भारतीय हज यात्रियों पर कोई प्रतिबंध लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। मंत्रालय के सूत्रों ने मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट्स को गलत बताया और स्पष्ट किया कि सऊदी अरब ने भारत के लिए कोई यात्रा प्रतिबंध जारी नहीं किया है। सऊदी सरकार ने केवल हज के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अस्थायी रूप से अल्पकालिक वीजा पर प्रतिबंध लगाया है, जो हज की समाप्ति के बाद हट जाएगा।
पहले यह खबरें आई थीं कि सऊदी अरब ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से भारत समेत कुछ देशों के ब्लॉक वर्क वीजा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। कहा गया था कि हज के दौरान तीर्थयात्रियों के प्रबंधन और आव्रजन नियमों के पालन में चुनौतियों के कारण यह निर्णय लिया गया है। यह प्रतिबंध 30 जून तक लागू रहेगा।
भारत से 1.75 लाख हज यात्रियों का जाना तय
हज 2025 के लिए भारत को कुल 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा मिला है। इससे पहले 13 जनवरी 2025 को जेद्दा में भारत के संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज व उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फौजान अल-रबिया ने इस संबंध में महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
हज: इस्लाम के पाँच स्तंभों में से एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान
हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और यह मुस्लिमों के लिए एक धार्मिक कर्तव्य माना जाता है। इस अनुष्ठान में तीर्थयात्री विभिन्न पूजा-पाठ करते हैं और इसे जीवन का आध्यात्मिक अनुभव माना जाता है, जिसमें वे अपने पापों की क्षमा मांगते हैं। हालांकि, इस साल महंगाई, आर्थिक संकट, अत्यधिक गर्मी और कड़े नियमों के कारण कई लोग हज यात्रा से वंचित रह गए हैं।