ई-रिक्शा में 24 लोग सवार, कई छत पर बैठे; वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- वाहन ढखेरवा चौराहा से निघासन की ओर जा रहा था।
- ई-रिक्शा में करीब 24 लोग सवार बताए गए।
- लगभग 10 यात्री वाहन की छत पर बैठे दिखाई दिए।
लखीमपुर खीरी। निघासन-ढखेरवा मार्ग पर बुधवार को क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाकर चल रहे ई-रिक्शा का वीडियो सामने आया। ई-रिक्शा में करीब 24 लोग सवार थे, जिनमें लगभग 10 लोग छत पर बैठे दिखाई दिए। चालक की सीट पर चालक समेत तीन लोग बैठे थे। वहीं, पीछे डाले पर करीब चार लोग बैठे और दो लोग खड़े नजर आए। ई-रिक्शा के अंदर भी करीब आठ से दस सवारियां बैठी थीं। वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा ढखेरवा चौराहा से निघासन की ओर जा रहा था। मुख्य मार्ग पर इस तरह क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलने वाले ई-रिक्शा से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका थी। इसके बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिवहन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
ओवरलोडिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि निघासन क्षेत्र के अलावा जिले के अन्य मार्गों पर भी कई ई-रिक्शा चालक निर्धारित क्षमता और यातायात नियमों की अनदेखी कर सवारियां बैठा रहे हैं। क्षमता से अधिक सवारियां होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से चालक बेखौफ होकर वाहन चला रहे हैं। लोगों ने परिवहन विभाग से अभियान चलाकर ई-रिक्शा की जांच करने और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीओ शिवम कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलने वाले ई-रिक्शा की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.