मुजफ्फरनगर: भैंसे को कील चुभाकर दौड़ाने की तैयारी में छह गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के मोरना स्थित शुक्रताल गंगा स्नान मेले में भैंसा-बुग्गी दौड़ की तैयारी कर रहे छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर भैंसे को तेज दौड़ाने के लिए नुकीली कील लगी लकड़ी से चुभाने का आरोप है।
- पुलिस ने बेहड़ा सादात स्थित श्रीराम पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
मुजफ्फरनगर के मोरना स्थित शुक्रताल गंगा स्नान मेले में भैंसा-बुग्गी दौड़ की तैयारी कर रहे छह लोगों को पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया। आरोप है कि भैंसे को तेज दौड़ाने के लिए उसे नुकीली कील लगी लकड़ी से चुभाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक भैंसा-बुग्गी, बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की है।
उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि जानसठ-मोरना मार्ग पर कुछ लोग एक भैंसे को तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बेहड़ा सादात स्थित श्रीराम पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दी।
रात करीब 10 बजे पुलिस को एक भैंसा-बुग्गी आती दिखाई दी। उस पर सवार दो लोगों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं, बुग्गी के साथ बाइक और स्कूटी से चल रहे चार अन्य लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित, विनोद, राहुल सैनी, अमजद, जितेंद्र और नितिन के रूप में हुई है। सभी जानसठ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
नुकीली कील लगी लकड़ी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से बांस की लकड़ी में लगी नुकीली कील बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शुक्रताल मेले में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर रहे थे।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.