मेरठ में मतदाता सूची से हटे 4.96 लाख नाम, अंतिम सूची जारी

मेरठ। जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम डॉ. वीके सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम सूची की प्रतियां सौंपी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी और डुप्लीकेट वोट हटाए जाने के बाद जिले की मतदाता संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
अभियान के तहत मेरठ में करीब 4.96 लाख ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए, जो फर्जी या एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए थे। इन्हें सूची से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या घटकर 21,93,637 रह गई है।
डीएम ने बताया कि इस शुद्धिकरण अभियान का सबसे अधिक असर मेरठ कैंट और मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला है, जहां सबसे ज्यादा वोट हटाए गए हैं। अकेले मेरठ कैंट में 1,21,727 और मेरठ दक्षिण में 1,18,280 नाम सूची से हटाए गए हैं। इससे पहले जिले में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 26.90 लाख थी।
यह पूरी प्रक्रिया 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर की गई है। अभियान के पहले चरण में ही लगभग 6.54 लाख नामों को जांच के दायरे में लिया गया था। फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता जोड़े गए, जबकि फॉर्म-7 के जरिए अयोग्य और डुप्लीकेट नाम हटाए गए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई मामलों में एक ही व्यक्ति के नाम पर दो, तीन और कभी-कभी दस-दस बार तक प्रविष्टियां दर्ज थीं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए बीएलओ ने 2981 बूथों पर घर-घर सर्वे किया, जिसके बाद 4,96,177 संदिग्ध नाम सूची से हटाए गए। करीब 2.50 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी कर 2003 की मतदाता सूची से मिलान करने के लिए कहा गया था। इसके अलावा फॉर्म-7 के तहत 6,782 नाम अलग से हटाए गए।
1.66 लाख नए युवा मतदाता जुड़े
शुद्धिकरण के साथ-साथ मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया भी जारी रही। इस दौरान 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 1,66,134 नए युवाओं ने फॉर्म-6 भरकर पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। इसके साथ ही जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाकर 2981 कर दी गई है।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या जिला निर्वाचन कार्यालय में जाकर नई सूची का अवलोकन करें और किसी भी त्रुटि या छूटे हुए नाम की स्थिति में तुरंत सूचना दें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.