अंकिता भंडारी केस: निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक करने के मामले में FIR, SHO चंद्रभान को मिली जांच

HIGHLIGHTS
- अंकिता भंडारी की निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक करने के मामले में FIR दर्ज की गई।
- पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई।
- अंकिता की मां सोनी देवी ने पुलिस को तहरीर दी थी।
अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप बातचीत सार्वजनिक किए जाने के मामले में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में देहरादून में दर्ज जीरो एफआईआर को शहर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जिम्मेदारी कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी को सौंपी गई है।
अंकिता की मां ने पुलिस को दी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की हत्या के मामले में पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता को 30 मई 2025 को अदालत ने दोषी ठहराया था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान अंकिता और उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के तौर पर एकत्र किया गया था। ये चैट बचाव पक्ष को भी उपलब्ध कराई गई थीं।
अदालत में निजी चैट के आधार पर सवाल पूछने की नहीं मिली थी अनुमति
मामले की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने इन निजी व्हाट्सएप चैट के आधार पर गवाहों से सवाल करने की कोशिश की थी। हालांकि, विचारण न्यायालय ने इस पर आपत्ति स्वीकार करते हुए ऐसे सवाल पूछने की अनुमति नहीं दी थी।
बाद में यह मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा। वहां भी इन निजी बातचीत के आधार पर सवाल पूछने को प्रासंगिक नहीं माना गया।
विनोद आर्य और अनुज पुंडीर पर चैट सार्वजनिक करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने मीडिया के सामने अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कीं।
सोनी देवी के मुताबिक, इस घटना से उनकी बेटी की स्मृति और सम्मान को ठेस पहुंची है। साथ ही परिवार को मानसिक आघात पहुंचा और उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
शहर कोतवाली में दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है और इसे शहर कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। अब प्रकरण की जांच कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी करेंगे।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.