जालंधर: फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दो युवकों ने गंवाई जान

HIGHLIGHTS
- कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी।
- हादसे के समय वाहन में कुल पांच युवक मौजूद थे।
- नगर निगम के कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे।
पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवकों की फॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई।
पंजाबी म्यूजिक कंपनी के मालिक के बेटे की भी मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान स्पीड रिकॉर्ड नाम की पंजाबी म्यूजिक कंपनी के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है।
विदित ओलक की मौत पर पंजाबी रैपर और गायक हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, "आज सड़क हादसे में मेरे भतीजे की मौत हो गई। भगवान भोले नाथ मेहर करें।"
जानकारी के मुताबिक, हनी सिंह म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के साथ काम कर चुके हैं। इसी कारण वह विदित ओलक को अपना भतीजा मानते थे।
हादसे की जानकारी मिलने पर थाना बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
तड़के करीब 3 बजे पुलिस को मिली हादसे की सूचना
थाना बारादरी के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी के अनुसार, पुलिस को रविवार तड़के करीब 3 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। कूड़ा इकट्ठा करने और उसे ले जाने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के वक्त कार में पांच युवक सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर साहिल चौधरी ने बताया कि मृतकों के परिजनों ने पुलिस से आगे की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के शव परिवारों को सौंप दिए गए। कार में मौजूद बाकी तीन युवक हादसे के बाद अपने घर चले गए थे।
बताया गया कि युवक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे, तभी उनकी कार फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो दोस्तों की मौत हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.