रायबरेली में चिराग पासवान का राहुल गांधी पर हमला, बोले- जरूरत के समय जनता को पीठ दिखाई

HIGHLIGHTS
- चिराग पासवान ने रायबरेली के जीआईसी मैदान में लोजपा (रामविलास) का स्थापना दिवस मनाया।
- राहुल गांधी पर झूठा प्रचार करने और जरूरत के समय जनता को पीठ दिखाने का आरोप लगाया।
- चिराग ने सवाल किया कि राहुल गांधी के दावों के बावजूद संविधान और आरक्षण कहां समाप्त हुआ?
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रायबरेली के जीआईसी मैदान से विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि रायबरेली में स्थापना दिवस मनाने का फैसला पार्टी ने काफी सोच-विचार के बाद लिया है।
चिराग पासवान ने कहा कि वह ऐसी धरती पर मौजूद हैं, जहां के जनप्रतिनिधियों ने देश को नेतृत्व दिया है। आज भी विपक्ष का नेतृत्व इसी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि कर रहे हैं। उनकी पार्टी ने ऐसे नेताओं को आईना दिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक जिले का नेतृत्व करने के बावजूद यहां इस तरह की समस्याएं बनी हुई हैं। यह नेतृत्व बताता है कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने वोटबैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
जरूरत के समय राहुल गांधी ने जनता को पीठ दिखाई: चिराग
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि झूठा प्रचार करके और लोगों को डराकर-धमकाकर वोट हासिल करने का प्रयास किया गया। लेकिन जब जनता को उनकी जरूरत पड़ी तो राहुल गांधी ने पीठ दिखा दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र में एक के बाद एक घटनाएं हुईं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी यहां कितनी बार पहुंचे?
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को कभी संसद में उठाने का प्रयास नहीं किया। अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाना तो दूर, वह दूसरों को भी संसद में मुद्दे रखने का अवसर नहीं देते और सदन की कार्यवाही नहीं चलने देते।
चिराग ने आगे कहा कि राहुल गांधी संसद में जिस संविधान की प्रति लहराते हैं, उसी संविधान के आधार पर चलने वाली संसद में उनकी और कांग्रेस के अन्य नेताओं की ओर से लगातार गतिरोध पैदा किया जाता है। उनके मुताबिक, यह दिखाता है कि राहुल की सोच केवल झूठ बोलकर वोट हासिल करने तक सीमित है।
राहुल गांधी से पूछूंगा, क्या आरक्षण खत्म हो गया?
चिराग पासवान ने तंज कसते हुए कहा कि आज वह राहुल गांधी से पूछेंगे कि ढाई साल पहले इसी मंच से आकर कहा जाता था कि संविधान की हत्या हो जाएगी, आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि अब बताएं कि संविधान की हत्या कहां हुई और आरक्षण कहां समाप्त हुआ। चिराग ने आरोप लगाया कि ये लोग केवल झूठ बोलकर वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायबरेली में आकर उनकी पार्टी ने विपक्ष को आईना दिखाने का काम किया है।
अखिलेश यादव के प्रण पत्र और PDA की राजनीति पर भी सवाल
चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रण पत्र तथा उनकी पीडीए की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रण पत्र के जरिए अखिलेश यादव ने स्वीकार किया है कि सपा के पिछले शासनकाल में गुंडाराज, भ्रष्टाचार और अत्याचार को काफी बढ़ावा मिला था।
चिराग के मुताबिक, सपा के प्रण पत्र में गुंडई बर्दाश्त नहीं करने का वादा करना ही उसके पुराने शासनकाल की स्थिति को उजागर करता है।
यूपी की सभी 403 सीटों पर संगठन मजबूत कर रही लोजपा
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि अभी किसी भी दल के साथ गठबंधन पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है। जरूरत पड़ने पर लोजपा अकेले भी चुनाव मैदान में उतर सकती है।
लोजपा को भाजपा की बी-टीम कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केवल बहुजनों, भीम और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की टीम है।
चिराग पासवान ने जनता के बीच सीधे पहुंचने के लिए प्रदेशभर में 'चौखट-चौखट चिराग' अभियान चलाने का भी ऐलान किया। स्थापना दिवस के मंच से उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलने के साथ समाज के लोगों को एकजुट रहने का संदेश भी दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.