तेलंगाना में गणेश विसर्जन के दौरान हादसे, 13 लोगों की मौत; 26 घायल

HIGHLIGHTS
- मृतकों में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी शामिल है।
- 26 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
- हादसों के कारणों पर पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट आना बाकी है।
हैदराबाद। तेलंगाना में गणेश उत्सव के समापन के मौके पर आयोजित विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हुए हैं। तेलंगाना के डीजीपी सी.वी. आनंद ने इसकी जानकारी दी।
डीजीपी सी.वी. आनंद ने बताया कि राज्यभर में गणेश विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान कुल 13 लोगों की जान गई है। मृतकों में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
वहीं, 26 लोग घायल हुए हैं और अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, हादसे किन वजहों से हुए, इनमें डूबने, बिजली का करंट या कोई अन्य तकनीकी कारण शामिल है या नहीं, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ विसर्जन
गणेश उत्सव के अंतिम दिन राज्य के प्रमुख जलस्रोतों, झीलों और कृत्रिम तालाबों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़े स्तर पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कुछ स्थानों पर अप्रत्याशित हादसे हुए। डीजीपी ने इस साल गणेश प्रतिमाओं से संबंधित आंकड़े भी साझा किए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सार्वजनिक पंडालों में करीब 1.24 लाख गणेश प्रतिमाएं दर्ज की गई थीं।
इसके अलावा निजी घरों, अपार्टमेंट्स और गेटेड कम्युनिटीज में स्थापित गणपति प्रतिमाओं को भी शामिल किया जाए तो राज्यभर में इनकी कुल संख्या करीब 3.5 लाख से 4 लाख के बीच होने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.