ISI को सेना की गोपनीय जानकारी देने के आरोप में जवान गिरफ्तार, बंगाल से पंजाब पुलिस ने पकड़ा

HIGHLIGHTS
- गिरफ्तार राजबीर सिंह असम का निवासी है और हासीमारा की 15 जाट रेजिमेंट में तैनात था।
- पंजाब पुलिस ने उसे गुरुवार को अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा से पकड़ा।
- इस मामले में 8 अक्टूबर को फाजिल्का पुलिस ने गुरनौर सिद्धू नाम की महिला को गिरफ्तार किया था।
सिलीगुड़ी। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा करने के आरोप में पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल ने पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा से सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए जवान की पहचान राजबीर सिंह के रूप में हुई है। वह असम का रहने वाला बताया गया है और हासीमारा स्थित 15 जाट रेजिमेंट में तैनात था।
पंजाब पुलिस की टीम ने गुरुवार को राजबीर सिंह को हासीमारा से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे बागडोगरा एयरपोर्ट ले जाया गया, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से उसे पंजाब ले जाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसके चलते शुक्रवार को उसे फिर से सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया।
सिलीगुड़ी एसीजेएम कोर्ट के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर सौमित्र सिंह सरकार ने बताया कि ISI से संबंध होने के संदेह में पंजाब पुलिस ने राजबीर सिंह को अदालत में पेश किया था। कोर्ट ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की अनुमति दे दी है।
महिला की गिरफ्तारी के बाद जांच में सामने आया था जवान का नाम
जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी तक पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में पंजाब के फाजिल्का पुलिस ने 8 अक्टूबर को गुरनौर सिद्धू नाम की महिला को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान महिला के ISI के संपर्क में होने की बात सामने आई थी।
आरोप है कि महिला भारतीय सेना से जुड़ी अहम जानकारियां पाकिस्तानी एजेंसी को उपलब्ध करा रही थी। मामले की जांच आगे बढ़ने पर भारतीय सेना में कार्यरत दिलप्रीत सिंह और राजबीर सिंह के नाम भी सामने आए। आरोप है कि दोनों जवान सेना से संबंधित गोपनीय सूचनाएं साझा करने में महिला की मदद कर रहे थे।
पुलिस ने महिला के कब्जे से एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए थे। पूछताछ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पंजाब पुलिस राजबीर सिंह तक पहुंची और गुरुवार को उसे हासीमारा से गिरफ्तार कर लिया।
ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पंजाब रवाना हुई पुलिस टीम
पंजाब पुलिस के अनुसार, तकनीकी दिक्कतों के कारण राजबीर सिंह को बागडोगरा एयरपोर्ट से वापस सिलीगुड़ी लाकर अदालत में पेश करना पड़ा। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर हवाई मार्ग से पंजाब के लिए रवाना हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.