BJP का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान, CM योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के पीडीए वाले बयान पर पलटवार किया।
- सपा अध्यक्ष ने प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार का दावा किया।
- दिव्यांगजनों के लिए अलग घोषणा पत्र बनाने की बात कही।
लखनऊ। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री पीडीए को पाकिस्तान बताते हैं, ऐसे में बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री पीडीए से घबराए हुए हैं। इसी वजह से वे पीडीए की परिभाषा बदलते रहते हैं। सीएम इन दिनों बच्चों के साथ सेल्फी ले रहे हैं और उन्हें गोद में ले रहे हैं। चुनाव के बाद उनके पास यह सब करने के लिए काफी समय होगा।
अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। समाजवादी सरकार में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। समाजवादी पार्टी दिव्यांगजनों के लिए अलग से घोषणा पत्र भी बनाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सपा के संसदीय दल में कोई तोड़फोड़ नहीं कर पाई। इसकी वजह उनके परिवार के ही पांच सांसद हैं। मुस्लिम सांसदों के साथ-साथ कट्टर समाजवादी सांसदों के होने के कारण भी भाजपा इसमें सफल नहीं हो पाई।
उन्होंने कहा कि मेरठ में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर अन्याय हुआ। जाति को निशाना बनाकर मारपीट की गई और गालियां दी गईं। प्रयागराज में एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद शहर की स्थिति खराब है। गोरखपुर में हर बारिश के दौरान सड़कों पर नाव चलती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब सपा ने महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा किया था, तब भाजपा के लोग कई तरह की बातें कर रहे थे। अब भाजपा भी इसी तरह की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादे करती है। बिहार समेत अन्य राज्यों में वादे करने के बावजूद लोगों को रुपये नहीं दिए गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग कितने बड़े गुंडे निकले हैं, जो स्कूल देखने जाने वालों से मारपीट कर रहे हैं।
मायावती को अखिलेश का जवाब: सपा कभी गठबंधन नहीं तोड़ती
अखिलेश यादव से जब बसपा सुप्रीमो मायावती के उन पर गठबंधन तोड़ने के आरोप को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब तो सच बोलना भी गलत है। उन्होंने कहा कि सपा कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। समाजवादी पार्टी जब किसी को साथ लेकर चलती है तो उसे निभाती है। समाजवादियों का साथ निभाने का इतिहास रहा है।
उन्होंने बसपा का नाम लिए बिना कहा कि सरकार भाजपा की है और लड़ाई भाजपा से है। इसलिए जो दल समाजवादी पार्टी को घेर रहे हैं, उन्हें भाजपा से लड़ना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि चीनी के दाम काफी बढ़ गए हैं और मिठाई महंगी हो गई है। मुनाफे के लिए पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है और मुनाफे के लिए चीनी महंगी की जा रही है।
कायम रहेगा हमारा मौजूदा गठबंधन
अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी डबल तैयारी है। विधानसभा चुनाव में सपा का मौजूदा गठबंधन ही कायम रहेगा।
पारा में डेयरी संचालकों के साथ हो रहा अन्याय
अखिलेश यादव ने कहा कि पारा में डेयरी चलाने वालों को जगह भाजपा सरकार के समय ही दी गई थी। उस समय भाजपा सरकार ने लखनऊ का सबसे खराब इलाका मानकर उन्हें वहां बसाया था। लेकिन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनने के बाद यह स्थान लखनऊ का प्रवेश द्वार बन गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.