गोरखपुर में कल अखिलेश यादव का रोड शो, बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

HIGHLIGHTS
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को गोरखपुर पहुंचेंगे।
- सुबह 11:45 बजे निजी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है।
- दोपहर 12 बजे समाजवादी रथ से देवकही गांव के लिए रवाना होंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह समाजवादी रथ पर सवार होकर चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव जाएंगे। इस दौरान एयरपोर्ट से देवकही तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। देवकही पहुंचकर वह जनसभा को संबोधित करेंगे और अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
दिवंगत विनय कुमार सिंह को देंगे श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे निजी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे समाजवादी रथ से देवकही के लिए रवाना होंगे।
करीब दो बजे गांव पहुंचने पर वह अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू ने किया है।
कई जगहों पर स्वागत की तैयारी में सपा कार्यकर्ता
अखिलेश यादव का प्रस्तावित रोड शो एयरपोर्ट से देवकही तक होगा। करीब 20 किलोमीटर का यह सफर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की तैयारियां की हैं। कार्यकर्ता फूल-मालाओं के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करेंगे।
इस आयोजन के माध्यम से पार्टी गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की तैयारी में है।
तिवारी हाता में कुशल और विनय शंकर से करेंगे मुलाकात
देवकही में कार्यक्रम पूरा करने के बाद अखिलेश यादव धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 3:30 बजे देवकही से कार द्वारा रवाना होंगे और 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे।
यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से होगी। करीब आधे घंटे तक रुकने के बाद वह शाम 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद शाम 4:45 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.