कुंडा की रामकथा में बृजभूषण शरण सिंह बोले- राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आगे भी रहेगा

HIGHLIGHTS
- कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में रामकथा का आयोजन किया गया।
- गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया के दबदबे का जिक्र किया।
- बाबा रामदेव ने कहा कि रामकथा के विरोध की बात सुनकर वह कुंडा पहुंचे।
यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में आयोजित रामकथा में पहुंचे गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का दबदबा पहले भी था और आगे भी बना रहेगा। उनके पिता का भी दबदबा रहा है। रामकथा में शामिल होने पहुंचे पूर्व सांसद ने आमंत्रित करने के लिए राजा भैया का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि आज उन्हें बाबा बागेश्वर के साथ इस पवित्र भूमि और यहां की जनता के दर्शन करने का अवसर मिला है। उन्होंने आगे कहा कि सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं है। हमारा इतिहास सतयुग से शुरू होता है। सतयुग में भी सनातन को मिटाने के प्रयास किए गए थे। त्रेता और द्वापर युग में भी ऐसी कोशिशें हुईं। आज कलयुग में भी यह प्रयास जारी हैं, लेकिन सनातन सभी युगों में मौजूद था और कलयुग में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन्हें अपना इतिहास नहीं मिलता, उनकी हम कोई मदद नहीं कर सकते। उन्हें अपना इतिहास खुद खोजना चाहिए, जबकि हमने अपना इतिहास खोज लिया है।
रामकथा के विरोध की बात सुनकर कुंडा पहुंचा: बाबा रामदेव
कथा स्थल पर योग ऋषि बाबा रामदेव ने कहा कि कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उन्हें रामकथा में आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने बताया कि उस समय वह गोंडा जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कुछ लोग रामकथा का विरोध कर रहे हैं। यह सुनकर उन्होंने कहा कि वह जरूर आएंगे।
बाबा रामदेव ने कहा कि वह अकेले नहीं आए हैं, बल्कि अपने साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविंद्र पुरी और अन्य संतों को भी लेकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि संत परंपरा के बड़े महापुरुष हरि चैतन्य महाराज को भी अपने साथ लाए हैं। कथा स्थल पर उमड़ी भीड़ को उन्होंने प्रेम और आस्था का पुण्य प्रभाव बताया। बाबा रामदेव ने निशिकांत और अश्विनी उपाध्याय को मंच पर बुलाया और कहा कि आज पूरा मैदान हिंदू योद्धाओं से सजा हुआ है।
पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बनेंगे भारत के नागरिक: राजा भैया
रामकथा के मंच से मुख्य यजमान और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी भाई-बहनों का भी अभिवादन किया।
राजा भैया ने कहा कि पाकिस्तान के हिंदू भाई-बहनों ने जीवनभर यातनाएं झेली हैं, इसके बावजूद वे अपने धर्म पर अडिग रहे। आज रामकथा में हनुमान जी का बल पाकर वह कह रहे हैं कि उनके बुरे समय का अंत होगा। वे भारत के नागरिक बनेंगे और सुखमय जीवन व्यतीत करेंगे।
मंच से राजा भैया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बलियान, सांसद निशिकांत दुबे, विधायक अभय सिंह, विधायक राकेश सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह, यशपाल और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय का भी अभिवादन किया।
यह उत्सव नहीं, सनातन जागरण का महोत्सव है: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
कथाव्यास धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बेंती में एक ओर गंगा बह रही हैं, वहीं दूसरी ओर आज से चार दिनों तक रामकथा की गंगा बहेगी। ऐसा लग रहा है मानो कुंडा में प्रयागराज का महाकुंभ आयोजित हो गया हो। चारों तरफ सनातनियों का सैलाब उमड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि सनातन के प्रखर और मुखर समर्थक तथा हिंदुत्व के लिए जीने वाले उनके बेहद प्रिय रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से यह उत्सव नहीं, बल्कि सनातन जागरण का महोत्सव आयोजित कराया जा रहा है।
कथा में संत, महंत, महात्मा, राजपीठ और व्यासपीठ से जुड़े लोग पहुंच चुके हैं। कथा शुरू होने में देरी होने पर कथाव्यास ने लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कल दो बजे आ जाएंगे और कथा शुरू हो जाएगी।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि पहली बार पाकिस्तानी हिंदुओं को कथा सुनाने में उन्हें आनंद आ रहा है। यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि कल सुबह पाकिस्तानी हिंदुओं से हवन भी करवाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.