योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा; अब मिलेंगे 12 हजार रुपये

HIGHLIGHTS
- प्रदेश की 1.75 लाख से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया गया मानदेय।
- करीब 1.70 लाख सहायिकाओं को भी मिलेगा बढ़ी हुई राशि का लाभ।
- परिवार के सदस्यों के लिए सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिवाली से पहले बड़ी सौगात दी है। सरकार ने उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की है, जिससे उन्हें हर महीने पहले के मुकाबले अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी। अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को 4 हजार रुपये के स्थान पर 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।
इस फैसले से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मासिक आय में 4 हजार रुपये और सहायिकाओं की आय में 2 हजार रुपये का इजाफा हुआ है। लंबे समय से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती शिक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहीं इन महिलाओं को बढ़े हुए मानदेय से आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही परिवार के खर्च और दिवाली की तैयारियों में भी सहूलियत होगी।
परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, अब मिलेंगी तीन साड़ियां
योगी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण व्यवस्था की है। करीब 3.35 लाख कर्मियों और उनके परिजनों को अब हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके तहत सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपचार कराया जा सकेगा।
इसके अलावा, आंगनवाड़ी कर्मियों को पहले दो साड़ियां दी जाती थीं, लेकिन अब उन्हें तीन साड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त देने की व्यवस्था की गई है। इस योजना पर सरकार लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इन सुविधाओं से कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी।
स्मार्टफोन और खुद के भवन से आधुनिक बनेंगे आंगनवाड़ी केंद्र
प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। इसके पहले चरण में 1,23,398 स्मार्टफोन वितरित किए गए थे। इसके बाद रिप्लेसमेंट पॉलिसी के तहत 69,803 अतिरिक्त स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए।
इन स्मार्टफोन की मदद से बच्चों के पोषण और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारियों को रियल टाइम में दर्ज करना आसान हुआ है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को अपना भवन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनवाड़ी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनकी भूमिका को बच्चों के भविष्य की नींव बताया है। कोरोना महामारी के दौरान भी इन महिलाओं ने गांव-गांव जाकर स्क्रीनिंग करने और संक्रमित लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने, स्वास्थ्य सुरक्षा देने और कार्य सुविधाओं का विस्तार करने के फैसले से इन कर्मियों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा।
हर महीने मिलेगा पहले से ज्यादा आर्थिक सहारा
अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग लीना जौहरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आर्थिक सशक्तीकरण तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1,75,982 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 1,70,656 सहायिकाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए मानदेय में वृद्धि की गई है। इससे उन्हें हर महीने अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है। साथ ही परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का फैसला उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों के पोषण और देखभाल में अहम भूमिका निभाने वाली इन महिलाओं को बेहतर सुविधाएं और सम्मान देना है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने फैसले पर जताई खुशी
मानदेय में बढ़ोतरी के फैसले से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में भी खुशी है। कार्यकर्ता सावित्री ने कहा कि सरकार का यह निर्णय उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। हर महीने 4 हजार रुपये अतिरिक्त मिलने से घर के खर्च और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। दिवाली से पहले मिली इस सौगात ने उनकी खुशियां बढ़ा दी हैं।
वहीं, सीमा ने कहा कि मानदेय बढ़ने के साथ पूरे परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलना भी काफी महत्वपूर्ण है। बीमारी के समय कई बार परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार की ओर से दी गई यह सुविधा बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को महत्व मिला है।
2017 के मुकाबले चार गुना बढ़ा मानदेय
योगी सरकार ने वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की है। वर्ष 2017 में कार्यकर्ताओं को हर महीने 3 हजार रुपये और सहायिकाओं को 1,500 रुपये मिलते थे।
अब कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का 6 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस तरह वर्ष 2017 के शुरुआती मानदेय की तुलना में दोनों श्रेणियों में चार गुना वृद्धि हुई है। इससे आंगनवाड़ी कर्मियों को परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में पहले से अधिक मदद मिलेगी। दिवाली से पहले मानदेय में हुई यह बढ़ोतरी उनके लिए सरकार की ओर से एक बड़ी सौगात है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.