दलेर मेहंदी विवाद पर सुबोध उनियाल का नया बयान, बोले- माफी नहीं मांगूंगा

HIGHLIGHTS
- 18 अक्टूबर को टिहरी के कुंजापुरी मेले में हुआ था विवाद।
- दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान मंत्री ने मंच पर पहुंचकर उन्हें टोका था।
- कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए जाने की बात मंत्री ने कही।
दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद को लेकर उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर अपने बयान के कारण चर्चा में हैं। एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री मंच से कहते नजर आ रहे हैं कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मसम्मान बहुत महत्वपूर्ण होता है।
दरअसल, कुछ दिन पहले भी सुबोध उनियाल का एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें नहीं पता कि किस चीज का नशा था। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण कराना उनके लिए संभव नहीं था।
मंत्री के मुताबिक, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी तबीयत ठीक नहीं थी तो उन्हें कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या फिर कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था।
सुबोध उनियाल ने यह भी बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए 35 लाख रुपये लिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संगीत को बदनाम करना नहीं था, लेकिन जब कलाकार 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका।
उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन कलाकारों को भी अपने सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।
क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल के बीच विवाद?
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर उन्हें टोका था।
मंत्री ने कहा था कि उन्हें कार्यक्रम में इसलिए बुलाया गया है ताकि स्थानीय लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने दलेर मेहंदी से कहा कि इतने बड़े नाम के कलाकार को अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए। जब उनसे ठीक से बोला नहीं जा रहा है तो वह गाना कैसे गाएंगे।
इस पर दलेर मेहंदी ने जवाब देते हुए कहा था कि सर, आपने मुझे सम्मान के साथ बुलाया है। मेरी आपसे गुजारिश है कि आप पंडाल में जाकर बैठ जाएं, हम अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।
बॉलीवुड के विरोध के बाद सीएम धामी ने भी की थी बातचीत
इस विवाद को लेकर बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों ने भी नाराजगी जताई थी। सिंगर मीका सिंह और कपिल शर्मा समेत अन्य लोगों ने मंत्री के बयान का विरोध किया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत कर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी बातचीत और सौहार्दपूर्ण माहौल में सुलझाया जाना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.