आजमगढ़ में पूजा के दौरान फायरिंग, पत्नी समेत 3 की मौत; पंडितों से आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद

HIGHLIGHTS
- अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम हुई वारदात
- घर में चार पंडितों की मौजूदगी में चल रही थी पूजा
- शाम करीब छह बजे बाजार से घर पहुंचा था अरविंद सिंह
- पंडितों से आधार कार्ड मांगने के बाद शुरू हुई बहस
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। आरोप है कि बाजार से घर लौटे अरविंद सिंह का पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने पिस्टल से गोली चला दी। फायरिंग में उसकी पत्नी बबीता और दो पंडितों की मौत हो गई। घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग गए।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर पर पूजा चल रही थी। उस समय घर में चार पंडितों के अलावा अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से वापस घर पहुंचा। घर में पूजा होते देखकर उसने पंडितों से इस बारे में पूछा। पंडितों ने उसे पूजा किए जाने की जानकारी दी।
इसके बाद अरविंद ने पंडितों से आधार कार्ड दिखाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाली और फायरिंग कर दी।
गोली लगने से अरविंद की पत्नी बबीता की मौत हो गई। इसके अलावा महेंद्र पाठक, निवासी गांव पटखौली और अखिलेश मिश्रा, निवासी छितौना भटौली गांव की भी गोली लगने से मौत हुई।
राइफल से भी गोली चलने की बात
प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है। फायरिंग शुरू होते ही पूजा में मौजूद अन्य पंडित वहां से भाग निकले। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने हथियार के साथ फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही मौतों और घटना के कारणों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.