बहराइच में दर्दनाक हादसा: करंट दौड़ रहे पंखे की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत

HIGHLIGHTS
- बहराइच में करंट लगे फर्राटा पंखे की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई।
- सो रही मां-बेटी पर अचानक पंखा गिरा, परिजन अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, हादसे की जांच जारी है।
बहराइच के ऊंचगांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर में चारपाई पर सो रही मां-बेटी के ऊपर अचानक चलता हुआ फर्राटा पंखा गिर गया। पंखे में करंट उतरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई।
परिजन दोनों को तुरंत सीएचसी रमपुरवा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी गुड्डी सिंह (38) अपनी सात वर्षीय बेटी प्रिया सिंह के साथ घर में चारपाई पर सो रही थीं। गर्मी से बचने के लिए उनके पास फर्राटा पंखा लगाया गया था। इसी दौरान अचानक पंखा असंतुलित होकर मां-बेटी के ऊपर गिर गया।
पंखे में करंट आने के कारण दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बिजली का कनेक्शन बंद कर दोनों को पंखे से अलग किया। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी रमपुरवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कपड़े प्रेस करते समय करंट लगने से युवती झुलसी
वहीं, शिवदास गांव में मंगलवार देर शाम कपड़े प्रेस करते समय करंट लगने से रेनू सिंह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.