बरेली: नदी में नहाने गए दो रिश्तेदारों की डूबने से मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

बरेली। भुता थाना क्षेत्र में शनिवार को नदी में नहाने गए दो रिश्तेदारों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय रोहित और उसके 22 वर्षीय बहनोई विवेक कश्यप के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कैलाश पुल के पास हुई। गांव अहिरौला निवासी रोहित अपने बहनोई विवेक के साथ सुबह करीब 10 बजे नदी में नहाने गया था। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों पानी में समा चुके थे।
सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से जाल डालकर तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती दो घंटे की कोशिश के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। इससे नाराज परिजनों ने पुलिस पर बरेली से गोताखोर न बुलाने का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
मामले की सूचना पर एसडीएम फरीदपुर और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर करीब चार घंटे बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतक रोहित पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जबकि विवेक अपनी पत्नी बीना के साथ आया हुआ था। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिए।
एसडीएम फरीदपुर और सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.