तीन बड़ी जीतों पर बीसीसीआई का इनाम, टीम इंडिया को मिला 204 करोड़ का तोहफ़ा

भारतीय क्रिकेट टीम ने हाल के दिनों में शानदार प्रदर्शन कर विश्व क्रिकेट में धूम मचा दी है। टीम ने लगातार तीन मल्टी-टीम टूर्नामेंट जीतकर न केवल फैंस का दिल जीता है, बल्कि अपनी ताकत भी साबित की है। पिछले 15 महीनों में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2025 एशिया कप में शानदार जीत हासिल की।
एशिया कप 2025 की जीत विशेष रूप से अहम रही, क्योंकि फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। इस टूर्नामेंट के दौरान दोनों देशों की टीमें पहली बार बड़े मुकाबले में आमने-सामने आईं। भारत ने पूरे एशिया कप में पाकिस्तान को तीन बार मात दी। इस जीत के बाद बीसीसीआई ने टीम को 21 करोड़ रुपए का इनाम दिया।
इसके पहले 9 मार्च 2025 को टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी तीसरी बार अपने नाम की। इस टूर्नामेंट में भी टीम इंडिया ने एक भी मैच नहीं हारा। जीत के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ समेत टीम से जुड़े सभी सदस्यों के लिए 58 करोड़ रुपए की इनाम राशि का ऐलान किया।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत ने 17 साल के लंबे इंतजार के बाद ट्रॉफी अपने नाम की थी। खिताबी मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराया। इस जीत पर बीसीसीआई ने टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपए की प्राइज मनी दी, जो अब तक की सबसे बड़ी राशि है।
तीनों टूर्नामेंटों की जीत के बाद भारतीय टीम को बीसीसीआई की ओर से कुल 204 करोड़ रुपए का इनाम मिला है, जो खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और लगातार जीत का सम्मान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.