दल-बदल कानून में बदलाव की मांग पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र और चुनाव आयोग से मांगा जवाब

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल विरोधी कानून में सुधार की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई की।
- अदालत ने केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और विधि आयोग से जवाब मांगा है।
- विधि एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
नई दिल्ली। जनप्रतिनिधियों की ओर से अयोग्यता की कार्रवाई से बचने और चुनी हुई सरकारों को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर दिए जाने वाले 'रणनीतिक इस्तीफों' पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम कदम उठाया है। दल-बदल विरोधी कानून में व्यापक बदलाव की मांग करने वाली जनहित याचिका पर अदालत ने सोमवार को केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और विधि आयोग से जवाब मांगा है।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने ए. सेतु की ओर से दायर याचिका पर विधि एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है।
एडवोकेट आर. सतीश कुमार और एडवोकेट जतिन के माध्यम से दाखिल याचिका में कहा गया है कि अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे या इसकी आशंका रखने वाले सांसद और विधायक अक्सर स्पीकर या सभापति के गुण-दोष के आधार पर फैसला सुनाने से पहले ही अपना इस्तीफा दे देते हैं।
याचिका के मुताबिक, इस तरह के इस्तीफों से विधानसभा का संख्याबल प्रभावित हो सकता है। साथ ही, इससे राजनीतिक जोड़-तोड़ को बढ़ावा मिलता है और संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत लागू दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों से बचने का रास्ता मिल सकता है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट से निर्देश देने की मांग की गई है कि यदि संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई लंबित है या ऐसी कार्रवाई की आशंका है, तो केवल इस्तीफा देने से यह प्रक्रिया अपने आप समाप्त नहीं होनी चाहिए। इसमें कहा गया है कि स्पीकर और सभापति को ठोस तथ्यों के आधार पर इस्तीफे की स्वेच्छा और वास्तविकता की जांच करनी चाहिए। इसके बाद उन्हें तर्कसंगत आदेश पारित करने के साथ अयोग्यता याचिका पर स्वतंत्र रूप से फैसला लेना चाहिए।
इसके अलावा, याचिका में इस्तीफों और अयोग्यता से जुड़े मामलों का तय समयसीमा के भीतर पारदर्शी और तर्कसंगत तरीके से निपटारा करने की मांग की गई है। साथ ही, स्पीकर-केंद्रित व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा करने और त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर भी निर्देश देने की अपील की गई है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि अनुच्छेद 188 के तहत शपथ ग्रहण के बाद बहुमत परीक्षण केवल सदन के भीतर ही कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.