इंडोनेशियाई नौसेना ने पकड़ा चीन से बांग्लादेश जा रहा जहाज, 405 टन मिसाइल बनाने वाला केमिकल बरामद

HIGHLIGHTS
- इंडोनेशियाई नौसेना ने बेलावन के समुद्री क्षेत्र में MV Star Line जहाज जब्त किया।
- जहाज पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट लदा हुआ था।
- यह केमिकल रॉकेट ईंधन और कुछ विस्फोटकों के निर्माण में इस्तेमाल होता है।
जकार्ता। इंडोनेशिया की नौसेना ने बेलावन के समुद्री क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोमोरोस के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त किया है। इस जहाज पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट लदा हुआ था। यह एक शक्तिशाली ऑक्सीडाइजिंग केमिकल है, जिसका उपयोग औद्योगिक कार्यों के अलावा रॉकेट ईंधन और कुछ प्रकार के विस्फोटकों के निर्माण में भी किया जाता है।
जब्त किए गए जहाज की पहचान MV Star Line के रूप में हुई है। इसे 7 नवंबर को हिरासत में लिया गया था। जहाज चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह की ओर जा रहा था। इंडोनेशियाई नौसेना के क्षेत्रीय कमान-I के कमांडर रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने 20 नवंबर को बेलावन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी दी।
कैसे नौसेना की पकड़ में आया जहाज?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जहाज ईंधन भरवाने के लिए बेलावन के समुद्री क्षेत्र में रुका था। इसी दौरान नौसेना के अधिकारियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। गश्त कर रहे नौसेना के जहाज KRI Sigalu-857 ने पाया कि MV Star Line अपने निर्धारित मार्ग से अलग दिशा में आगे बढ़ रहा था।
इसके बाद गश्ती दल ने जहाज से संपर्क किया और उसकी जांच शुरू की। इस दौरान जहाज के दस्तावेजों और उसमें रखे सामान से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।
15 कंटेनरों में 405 टन केमिकल, लाखों सिम कार्ड भी मिले
इंडोनेशियाई नौसेना के मुताबिक, जहाज में कुल 36 कंटेनर मौजूद थे। इनमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट रखा हुआ था। रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने बताया कि जब्त किए गए केमिकल की मात्रा से संभावित रूप से 100 मिसाइलें बनाई जा सकती थीं।
इसके अलावा जहाज से 54 पैलेट भी बरामद किए गए, जिनमें लाखों की संख्या में बिना रजिस्ट्रेशन वाले खाली 4G LTE सिम कार्ड रखे हुए थे।
बताया गया है कि जहाज को 8 नवंबर की दोपहर तक बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह पहुंचना था, लेकिन उसने इंडोनेशिया के समुद्री क्षेत्र में बिना किसी निर्धारित कार्यक्रम के ठहराव किया। वहीं, बांग्लादेश पहुंचने से पहले ही जहाज को रोक लिए जाने के कारण इस खेप के वास्तविक आयातक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
जहाज के दस्तावेजों में मिलीं कई अनियमितताएं
नौसेना की जांच में जहाज के रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों में भी कई खामियां सामने आई हैं। कागजात में जहाज का IMO नंबर 8356962, आधिकारिक नंबर 1902384 और कॉल साइन D-6A4384 दर्ज किया गया था। दस्तावेजों पर इनकी वैधता 8 अक्टूबर 2027 तक बताई गई थी, लेकिन जांच में पता चला कि जहाज का पंजीकरण निलंबित (Suspended) था।
इसके अलावा, जहाज के शिपिंग दस्तावेजों के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। यह भी आरोप है कि जहाज ने रेडियो संचार के जरिए संपर्क किए जाने पर जवाब नहीं दिया था।
फिलहाल अधिकारी जहाज के प्रशासनिक रिकॉर्ड, नेविगेशन परमिट और खतरनाक सामान के परिवहन से जुड़े नियमों के पालन की जांच कर रहे हैं। जहाज पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस खेप से जुड़े लोगों, शिपिंग कंपनी और माल के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा सके।



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.