बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों को मिल रही धमकियों से बढ़ी चिंता, AICWA ने CM फडणवीस से मांगी कड़ी सुरक्षा

HIGHLIGHTS
- बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को हाल के दिनों में मिली हैं धमकियां।
- AICWA ने सैफ अली खान, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के लिए कड़ी सुरक्षा मांगी।
- एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने CM देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र।
बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को पिछले कुछ दिनों में धमकियां मिलने के मामले सामने आए हैं। इनमें सैफ अली खान, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन जैसे सितारे शामिल हैं। इन घटनाओं के बीच 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर फिल्मी सितारों, शूटिंग स्थलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।
बॉलीवुड में डर का माहौल बनने पर जताई चिंता
AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सैफ अली खान को मिली कथित धमकी का जिक्र किया गया है। इस धमकी में कहा गया था कि उनका अंजाम भी 'बाबा सिद्दीकी जैसा' होगा। एसोसिएशन ने अक्टूबर में जुहू में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया। संगठन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल बन रहा है।
AICWA ने किन बातों पर जताई चिंता?
इस पत्र की एक प्रति मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को भी भेजी गई है। बीते कुछ हफ्तों में अभिनेताओं को मिल रही धमकियों पर चिंता जाहिर करते हुए AICWA ने दावा किया कि कुछ लोग यहां तक कह चुके हैं कि उनके पास 200 शूटर मौजूद हैं।
एसोसिएशन ने कहा, 'लाखों वर्करों, तकनीशियनों, कलाकारों और सेट पर काम करने वालों की रोजी-रोटी खतरे में है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो बॉलीवुड पर ताला लग जाएगा, शूटिंग पूरी तरह बंद हो जाएगी, वर्करों की नौकरियां चली जाएंगी और प्रोड्यूसर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।'
फिल्मी हस्तियां बनती हैं आसान निशाना
एसोसिएशन ने इन घटनाओं से फिल्म इंडस्ट्री की छवि पर पड़ने वाले व्यापक असर को लेकर भी चिंता जताई। संगठन के मुताबिक, बॉलीवुड देश के राजस्व में बड़ा योगदान देता है और दुनियाभर में भारत की पहचान को मजबूत करता है।
एसोसिएशन का कहना है कि फिल्मी हस्तियां लगातार लोगों की नजरों में रहती हैं। इसी वजह से वे उन लोगों के लिए आसान निशाना बन जाती हैं, जो प्रचार हासिल करना चाहते हैं या जबरन वसूली की कोशिश करते हैं।
क्या हैं एसोसिएशन की मांगें?
अपने पत्र में AICWA ने पांच मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
सैफ अली खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और उनके परिवारों को कड़ी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
मुंबई में सभी फिल्मी हस्तियों और फिल्म निर्माताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
शूटिंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए।
गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुंबई को गैंगस्टरों से मुक्त करने के साथ ही मशहूर हस्तियों की मौजूदगी वाले प्रेस कॉन्फ्रेंस और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
पत्र में आगे कहा गया है, 'बॉलीवुड के लोगों को मुंबई की सड़कों पर बेखौफ घूमने, शूटिंग करने और काम करने की आजादी मिलनी चाहिए।'
सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी
AICWA की यह अपील ऐसे समय में आई है, जब मुंबई पुलिस सैफ अली खान को मिली कथित जान से मारने की धमकी की जांच कर रही है। गुरुवार को पुलिस के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI को बताया था कि इस धमकी की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारी के मुताबिक, 'अभिनेता सैफ अली खान को उनके फोन पर जीशान अख्तर के नाम से एक वॉयस मैसेज मिला, जिसमें कहा गया था कि उनका भी वही हाल होगा जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था।'






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.