यूपी के सभी 75 जिलों में मजबूत हुआ नागरिक सुरक्षा तंत्र, 1 लाख से अधिक स्वयंसेवक तैयार

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन किया गया।
- आपातकालीन परिस्थितियों में सहयोग के लिए 1,01,362 स्वयंसेवक तैयार हैं।
- सभी जिलों में एयर सायरन उपलब्ध कराए गए हैं।
युद्ध, हवाई हमले, आतंकी घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली गई है। प्रत्येक जिले में एयर सायरन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आपातकाल के दौरान पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में मदद के लिए 1,01,362 स्वयंसेवकों को तैयार किया गया है। इसके अलावा 60 जिलों में जिलाधिकारी नागरिक सुरक्षा नियंत्रक की भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 के दौरान प्रदेश की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था का मकसद संकट की घड़ी में किसी भी नागरिक को अकेला न छोड़ना है। आपदा या राष्ट्रीय विपत्ति कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आती, इसलिए ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के लिए पहले से तैयारी रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन किया गया था। हालांकि, वर्ष 2017 तक यह संगठन प्रदेश के कुछ ही जिलों में सक्रिय था। पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के बाद इसका दायरा बढ़ाकर सभी 75 जिलों तक करने का फैसला लिया गया। अब प्रदेश के हर जिले में नागरिक सुरक्षा संगठन गठित हो चुका है। उन्होंने बाढ़, भूकंप, आग लगने की घटनाओं, आतंकी हमलों और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा के समय सही फैसला लेने, समय पर सूचना पहुंचाने और प्रशिक्षित लोगों की सहायता से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संकट के समय बिना किसी स्वार्थ के समाज और राष्ट्र की सेवा करने वाला जागरूक नागरिक ही वास्तविक फर्स्ट रिस्पॉन्डर होता है।
हवाई हमले और ब्लैकआउट की स्थिति से निपटने का अभ्यास
मॉक एक्सरसाइज के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। अभ्यास में एयर सायरन के जरिए हवाई हमले की चेतावनी देने के साथ रेडियो, लाउडस्पीकर और मोबाइल के माध्यम से अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया दिखाई गई।
ब्लैकआउट की स्थिति में बिजली और रोशनी बंद करके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया। इसके अलावा आग लगने, गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ किया गया।
गोरखा राइफल्स ने 73 मास्टर ट्रेनरों को दिया विशेष प्रशिक्षण
नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि गृह मंत्रालय की योजना के अंतर्गत प्रदेश के 17 जिलों के 33 कर्मियों और उत्तराखंड के दो कर्मियों समेत कुल 35 लोगों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।
इसके अतिरिक्त 15 जिलों के 5,310 स्वयंसेवकों को सात दिनों का प्रशिक्षण दिया गया। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.