'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान चलाएगी भाजपा, नितिन नवीन और सीएम योगी होंगे शामिल

HIGHLIGHTS
- भाजपा ने प्रदेशव्यापी अभियान की तैयारियां तेज कीं।
- गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों में पदयात्रा को लेकर बैठक हुई।
- कार्यकर्ताओं को बूथ और मंडल स्तर पर लोगों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई।
कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रदेशभर में तीन दिनों तक शांति पदयात्रा आयोजित करेगी। पार्टी ने इस अभियान को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नाम दिया है। इसके तहत 4 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित पदयात्रा की अगुवाई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा ने गोरखपुर क्षेत्र से लगभग 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों को पदयात्रा में शामिल करने का लक्ष्य तय किया है।
रविवार को एनेक्सी भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने के साथ लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पदयात्रा के जरिए जनता के बीच पहुंचकर इन प्रयासों का जवाब देगी। लोकतंत्र का मतलब केवल चुनाव में जीत हासिल करना नहीं है, बल्कि संविधान और उससे जुड़ी संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
पंकज चौधरी ने कांग्रेस की रैली पर उठाए सवाल
पंकज चौधरी ने कांग्रेस की रैली को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया था, लेकिन उनके आकलन के मुताबिक वहां केवल 25 से 30 हजार लोग ही पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कुछ लोगों को दिल्ली में एकत्र कर यह संदेश देने की कोशिश करता है कि पूरा देश उसके समर्थन में है। भाजपा अपनी पदयात्रा के माध्यम से लोगों तक यह बात पहुंचाएगी कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था पर भरोसा रखते हैं।
पदयात्रा को सफल बनाने के लिए रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों के पार्टी पदाधिकारी, सांसद और विधायक मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मंडल, बूथ तथा घर तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों में पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने इसे जनता के बीच सच्चाई पहुंचाने का संकल्प बताया। वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब इस पदयात्रा के माध्यम से दिया जाएगा।
2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार: पंकज चौधरी
उत्तर प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक जमीन नहीं होने संबंधी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी राजनीतिक पकड़ है, इसका फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान में बदलाव आया है।
पंकज चौधरी ने कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.