भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, घर में मिले मां और दो बच्चों समेत चार शव

HIGHLIGHTS
- भोपाल के मालीखेड़ी में सामने आया सनसनीखेज मामला।
- घर के अंदर तीन पीढ़ियों के चार सदस्यों के शव मिले।
- मृतकों में 10 साल की बच्ची और 6 साल का मासूम भी शामिल।
राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में चारों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक आशंका के अनुसार, नरेंद्र साहू ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या की और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों स्थानों पर जांच शुरू कर दी है।
घर के अंदर मिले मां, पत्नी और दो बच्चों के शव
मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र की मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मालीखेड़ी स्थित उनके घर में मिले। शुरुआती जांच में चारों के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई गई है।
रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। घर में परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने और रेलवे ट्रैक पर नरेंद्र का शव पाए जाने के बाद पुलिस को आशंका है कि उसने पहले अपने परिवार के सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दोनों घटनास्थलों पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
वारदात के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं
फिलहाल परिवार के पांच सदस्यों की मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थलों से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.