नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से दो घायल, चार गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सेक्टर-22 चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान हुई घटना।
- दो बाइक पर सवार होकर जा रहे थे चारों आरोपी।
- विकास और राजेश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में पुलिस और चार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान भाग निकले दो अन्य आरोपियों को भी घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-22 चौराहे पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग पुलिस को दिखाई दिए। उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान विकास और राजेश के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलों के साथ कुछ अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बाकी दो बदमाशों को पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
किराए की टैक्सी में बैठाकर करते थे लूटपाट
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी कई तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ये बदमाश किराए पर टैक्सी लेते थे और उसमें लोगों को बैठाकर लूटपाट करते थे। वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.