भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, यूपी के 8 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा ने नई राष्ट्रीय टीम घोषित की।
- अमित मालवीय राष्ट्रीय आईटी प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
- दीपक म्हस्के को नया राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी। नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के आठ नेताओं को जगह मिली है। रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा अमर पाल मौर्या को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। संगठन में हुए बदलाव के तहत डिजिटल और सोशल मीडिया विभाग में भी अहम परिवर्तन किया गया है। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी अब अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को दी गई है। उन्हें नया राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।
हालांकि, अमित मालवीय भाजपा के राष्ट्रीय आईटी प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। यानी डिजिटल संगठन में उनकी भूमिका बनी रहेगी, लेकिन सोशल मीडिया संचालन की जिम्मेदारी अलग कर दी गई है।
राष्ट्रीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। नितिन नवीन के नेतृत्व में तैयार टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा और स्मृति ईरानी समेत कई प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं।
बी.एल. संतोष राष्ट्रीय संगठन महासचिव के पद पर बने रहेंगे, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए प्रमुख नेताओं में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, डॉ. भारती प्रवीण पवार और पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल शामिल हैं। कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने सूची में अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के नेताओं को शामिल किया है।
भाजपा की नई टीम में आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को इस पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.