सीएम योगी कल करेंगे 25 लाख टैबलेट वितरण योजना का शुभारंभ, पहले दिन 50 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
- कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा।
- योजना के तहत कुल 25 लाख टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (15 नवंबर) को 'जनजातीय गौरव दिवस' के मौके पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। लखनऊ के बसंत कुंज स्थित 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' में आयोजित समारोह के पहले दिन 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे।
योजना के इस चरण की शुरुआत के अवसर पर लखनऊ के अलावा पड़ोसी जिलों हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के कुल 300 शैक्षणिक संस्थानों के चयनित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, आईटीआई, कौशल विकास, चिकित्सा, नर्सिंग, कृषि, एमएसएमई और सेवा मित्र पोर्टल से जुड़े पंजीकृत युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी', उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवन्त सिंह सैनी और रजनी तिवारी शामिल होंगे।
इसके अलावा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, डॉ. महेन्द्र कुमार सिंह, उमेश द्विवेदी और विधायक जय देवी, डॉ. नीरज बोरा, ओ.पी. श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला तथा अमरेश कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.