मुजफ्फरनगर में चीनी के बढ़े दामों के विरोध में भाकियू का अनोखा प्रदर्शन, 45 रुपये किलो बेची चीनी

HIGHLIGHTS
- गुरुवार सुबह करीब 10 बजे रुड़की चुंगी पर स्टॉल लगाया गया।
- स्टॉल पर करीब पांच क्विंटल चीनी बिक्री के लिए रखी गई थी।
- यूनियन के अनुसार पूरी चीनी कुछ ही समय में बिक गई।
मुजफ्फरनगर। चीनी के बढ़ते बाजार भाव के विरोध में भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री ने गुरुवार को अलग अंदाज में प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से सुबह करीब 10 बजे रुड़की चुंगी पर चीनी बिक्री का स्टॉल लगाया गया। यहां लोगों को 45 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी दी गई। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, स्टॉल पर रखी करीब पांच क्विंटल चीनी कुछ ही देर में बिक गई।
यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने बताया कि पहले चीनी की कीमत करीब 45 रुपये प्रति किलो थी, लेकिन अब बाजार में यही चीनी 60 से 65 रुपये किलो तक बिक रही है। संगठन का कहना है कि चीनी के बढ़े दामों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। इसी के विरोध में बाजार से कम कीमत पर चीनी बेचकर सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है।
पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के एक संबोधन में प्रदेश में करीब सात महीने का चीनी स्टॉक उपलब्ध होने की बात कही गई थी। यूनियन ने सवाल उठाया कि अगर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तो बाजार में चीनी की कीमत लगातार क्यों बढ़ रही है। संगठन ने सरकार से चीनी को पुराने भाव यानी 45 रुपये प्रति किलो की दर पर उपलब्ध कराने की मांग की।
महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी ओर चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर किसानों को गन्ने का उचित भाव नहीं मिल रहा है तो उपभोक्ताओं पर महंगी चीनी का बोझ भी नहीं डाला जाना चाहिए।
जिला संरक्षक बाबा श्यामलाल ने बताया कि चीनी की कीमत को लेकर मुख्यमंत्री को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। यूनियन ने मुजफ्फरनगर में अलग-अलग जगहों पर इसी तरह स्टॉल लगाकर 45 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने और बढ़े दामों का विरोध जारी रखने की घोषणा की।
पदाधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही गरीब बस्तियों में भी इस तरह के स्टॉल लगाए जाएंगे। संगठन ने कहा कि जब तक चीनी की कीमत पुराने स्तर पर नहीं आती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। यूनियन से जुड़े 15 राज्यों में भी इसी तरह अभियान चलाने की बात कही गई है।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब, जिला संरक्षक बाबा श्यामलाल, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, जिला मंत्री फिरोज खान, जिला मंत्री साहिल, जिला संगठन मंत्री ठाकुर मुरसलीन राव, जिला वरिष्ठ मंत्री साबिर चौधरी, सलमान रईस और शहजाद समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.