अदालतों में AI पर डीवाई चंद्रचूड़ की दो टूक, बोले- फैसला लेने का अधिकार जज के पास ही रहे

HIGHLIGHTS
- पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने न्यायपालिका में AI की भूमिका पर अपनी बात रखी।
- उन्होंने कहा कि AI नियमित और नीरस अदालती कामों में मदद कर सकता है।
- अंतिम फैसला लेने और उसके पीछे तर्क देने की जिम्मेदारी जज की होनी चाहिए।
नई दिल्ली। भारतीय न्यायपालिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच पूर्व प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने शनिवार को कहा कि एआई अदालतों के नियमित और नीरस कार्यों में सहायता कर सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय लेने और उसके पीछे तर्क प्रस्तुत करने का अधिकार न्यायाधीश के पास ही रहना चाहिए।
ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद में जजों का समय हो रहा बर्बाद
'सभी के लिए एआई: एआई गवर्नेंस और भरोसा, न्यायिक पहुंच और सशक्त भारत' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक फैसले पर किसी इंसान का निर्णय होना चाहिए और उस पर उसी के हस्ताक्षर भी होने चाहिए।
पूर्व सीजेआई ने न्यायिक व्यवस्था की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि जजों का काफी समय अनुवाद, प्रतिलेखन (ट्रांसक्रिप्शन) और खामियों की जांच जैसे नियमित कामों में खर्च हो जाता है। जबकि उनका ध्यान वास्तविक समय में निर्णय लेने पर केंद्रित होना चाहिए।
आंध्र प्रदेश के ट्रायल कोर्ट का उदाहरण दिया
डीवाई चंद्रचूड़ ने आगाह किया कि परेशानी तब पैदा होती है, जब तकनीक से फैसला सुनाने जैसे महत्वपूर्ण काम की अपेक्षा की जाती है। एआई की ओर से गढ़े गए फर्जी कानूनी संदर्भों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आंध्र प्रदेश के एक ट्रायल कोर्ट और एक न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) के मामलों का उदाहरण दिया। इन मामलों में ऐसे न्यायिक उद्धरणों का इस्तेमाल किया गया था, जिनका वास्तव में कोई अस्तित्व नहीं था और जिन्हें गढ़ा गया था।
देशभर में 5.64 करोड़ मुकदमे लंबित
उन्होंने कहा कि मानवीय जांच के बिना किया गया अनुवाद किसी फैसले के बारे में केवल एक 'अफवाह' की तरह है। न्यायिक व्यवस्था में तकनीकी सहायता की जरूरत बताते हुए उन्होंने राज्यसभा में इस साल जुलाई में कानून मंत्री की ओर से दिए गए बयान का हवाला दिया। इसके मुताबिक, देशभर में करीब 5.64 करोड़ मुकदमे लंबित हैं।
उन्होंने बताया कि भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर केवल 15 जज उपलब्ध हैं। वहीं, एक जिला जज पर औसतन 2,200 मामलों का बोझ है।
कानूनी सहायता पर प्रति व्यक्ति खर्च 6.46 रुपये
पूर्व सीजेआई ने कानूनी सहायता पर प्रति व्यक्ति सालाना केवल 6.46 रुपये खर्च होने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि इतनी रकम में तो एक कप चाय भी नहीं मिलती।
अदालतों में एआई के इस्तेमाल के लिए उन्होंने पांच कसौटियां सुझाईं। इनमें मानवीय निर्णय की अहमियत, संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वतंत्रता की सुरक्षा, पक्षकारों को एआई के उपयोग की जानकारी देना, अंतिम व्यक्ति तक स्थानीय भाषा में न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना और संप्रभु डाटा सुरक्षा शामिल हैं।
वकीलों को फैसले पूरा पढ़ने की सलाह
वकीलों को सलाह देते हुए डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि किसी भी फैसले का हवाला देने से पहले उसे पूरी तरह पढ़ना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलतियों के लिए तकनीक को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.