कांग्रेस से दूरी के बाद डीएमके को लोकसभा में मिली अलग जगह, सुप्रिया सुले की सीट भी बदली

HIGHLIGHTS
- डीएमके सांसदों को लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठने की जगह मिल गई है।
- पार्टी ने मई में लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अलग बैठने की मांग की थी।
- डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म होने का हवाला दिया था।
तमिलनाडु की प्रमुख क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) को आखिरकार लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था मिल गई है। पार्टी ने इस संबंध में मई में लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अपने सांसदों को कांग्रेस से अलग बैठाने का अनुरोध किया था। इंडिया गठबंधन से अलग होने के बाद डीएमके ने सदन में अलग बैठने की मांग उठाई थी। अब लोकसभा स्पीकर ने पार्टी सांसदों के लिए अलग स्थान आवंटित कर दिया है।
लोकसभा में बैठने की व्यवस्था में बदलाव केवल डीएमके तक सीमित नहीं रहा। इसके चलते समाजवादी पार्टी, एनसीपी-एसपी, शिवसेना-यूबीटी और कांग्रेस के कुछ सांसदों की सीटों में भी फेरबदल किया गया है। सुप्रिया सुले अब कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी। परिसीमन बिल पर होने वाले विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने यह बदलाव किया है।
एमके स्टालिन ने उठाई थी अलग बैठने की मांग
डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने लोकसभा में पार्टी सांसदों की बैठने की व्यवस्था बदलने का अनुरोध किया था। उनका कहना था कि कांग्रेस के साथ डीएमके का गठबंधन अब समाप्त हो चुका है, ऐसे में पार्टी के सांसदों का कांग्रेस सदस्यों के साथ बैठना उचित नहीं होगा।
डीएमके और कांग्रेस के बीच क्यों आई दूरी?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद डीएमके और कांग्रेस के संबंधों में काफी तल्खी आ गई थी। डीएमके के सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ने के बावजूद कांग्रेस ने बाद में टीवीके की सरकार को समर्थन देने का निर्णय लिया और नई सरकार में शामिल हो गई। कांग्रेस के इस फैसले के साथ ही डीएमके के साथ उसकी लंबे समय से चली आ रही साझेदारी समाप्त हो गई। इस मुद्दे पर डीएमके की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के इस कदम की आलोचना करते हुए इसे 'पीठ में छुरा घोंपना' और 'धोखा' करार दिया। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि डीएमके ने भी इससे पहले 2014 में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.