बुलंदशहर में जर्जर दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबने से दादी और 11 साल की पोती की मौत

HIGHLIGHTS
- घटना रविवार शाम करीब सात बजे एचौरा गांव में हुई।
- मकान की करीब 10 साल पुरानी दीवार अचानक ढह गई।
- मलबे में दबने से 62 वर्षीय ओमवती की जान चली गई।
यूपी के बुलंदशहर स्थित अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के एचौरा गांव में रविवार शाम करीब सात बजे दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 10 साल पुराने मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से दादी और उनकी 11 साल की पोती की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे दोनों को बाहर निकाला और तुरंत अनूपशहर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दादी और पोती की मौत
मृतकों की पहचान ओमवती (62) पत्नी स्व. होराम सिंह और उनकी नातिन कुमकुम (11) पुत्री सोहनपाल के तौर पर हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों घर के अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान करीब 10 साल पुरानी दीवार अचानक उन पर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों मलबे के नीचे बुरी तरह दब चुकी थीं।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी कुमकुम
हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कुमकुम अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी तीन छोटी बहनें और एक चार साल का छोटा भाई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
अधिकारी अस्पताल पहुंचे, आर्थिक सहायता का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार अनूपशहर प्रिया देवी सरकारी अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी (सीओ) डिबाई मधुप कुमार ने बताया कि मामला सामने आते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है और मौके का निरीक्षण किया जा रहा है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण के साथ हल्का लेखपाल को जल्द रिपोर्ट तैयार कर तहसील में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शासन के नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.