दिसंबर से क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग के नियमों में बदलाव, जानें पूरी डिटेल

HIGHLIGHTS
- HDFC ने वाउचर के लिए तिमाही खर्च की सीमा 5 लाख से घटाकर 4 लाख रुपये की।
- ICICI बैंक में निर्धारित मुफ्त नकद जमा और निकासी की सीमा पार करने पर शुल्क बढ़ेगा।
- ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये + जीएसटी करेगा।
दिसंबर का महीना शुरू होने में अब 48 घंटे से भी कम समय बचा है। नए महीने के साथ क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग सहित कई क्षेत्रों के नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है।
एसबीआई कार्ड यूजर्स को देना होगा अतिरिक्त शुल्क
एसबीआई कार्ड के ग्राहकों को 1 दिसंबर से ट्रांसपोर्टेशन और पेट्रोल पंप पर ईंधन के 30,000 रुपये से अधिक के हाई-वैल्यू लेनदेन पर 1 प्रतिशत फीस चुकानी होगी। इसके अलावा, यदि एक बिलिंग साइकिल में ईंधन और ट्रांसपोर्टेशन पर कुल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा होता है, तो यूजर्स से 1 प्रतिशत अतिरिक्त फीस ली जाएगी।
एचडीएफसी बैंक ने भी बदले नियम
एचडीएफसी बैंक के बिजब्लैक मेटल क्रेडिट कार्ड धारकों को अब एक्सेलरेटेड रिवॉर्ड हासिल करने के लिए प्रत्येक स्टेटमेंट साइकिल में कम से कम 50,000 रुपये की खुदरा खरीदारी करनी होगी। बैंक ने वाउचर पाने के लिए तिमाही खर्च की सीमा भी 5 लाख रुपये से घटाकर 4 लाख रुपये कर दी है। ये संशोधित नियम 21 दिसंबर, 2026 से लागू होंगे।
आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहकों पर भी पड़ेगा असर
आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाता ग्राहकों को 1 दिसंबर से हर महीने तीन मुफ्त नकद जमा और तीन मुफ्त नकद निकासी की सुविधा मिलती रहेगी। हालांकि, जमा और निकासी के लिए निर्धारित 1 लाख रुपये की मासिक मुफ्त सीमा पार होने पर शुल्क बढ़ जाएगा। अब प्रति 1,000 रुपये के लेनदेन पर 4 रुपये या 150 रुपये, दोनों में से जो भी अधिक होगा, वह शुल्क लिया जाएगा। पहले यह शुल्क प्रति 1,000 रुपये के लेनदेन पर 3.50 रुपये था।
इसके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक ने कुछ चुनिंदा डेबिट और क्रेडिट कार्डों पर मिलने वाले मुफ्त आईनॉक्स बेनिफिट्स को 15 दिसंबर 2026 से बंद कर दिया है।
बैंक 11 दिसंबर, 2026 से क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस भी 200 रुपये + जीएसटी से बढ़ाकर 300 रुपये + जीएसटी करने जा रहा है। इसी तारीख से 'प्रायोरिटी पास' क्रेडिट कार्ड के लिए भी रिप्लेसमेंट फीस लागू होगी।
वहीं, 15 दिसंबर, 2026 से कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्डों के साथ मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री यानी मुफ्त इंश्योरेंस लाभ भी बंद कर दिए जाएंगे।
एनपीएस से जुड़ी योजनाओं में बदलाव
1 दिसंबर से नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) से जुड़ी योजनाओं के नियमों में भी बदलाव होने जा रहा है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) ने एनपीएस के तहत योजनाओं के वर्गीकरण और प्रस्तुति से जुड़े ढांचे में संशोधन किया है।
इन बदलावों के तहत 'मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क' (एमएसएफ) की योजनाओं यानी पेंशन फंड योजनाओं के नामकरण और उनके प्रदर्शन के तरीके को स्पष्ट किया गया है। साथ ही, उन वेबसाइटों और प्लेटफॉर्मों पर इन योजनाओं को किस तरह दिखाया जाना चाहिए, यह भी तय किया गया है, जिनका इस्तेमाल सब्सक्राइबर्स एनपीएस खाता खोलने के लिए करते हैं।
कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन में भी बदलाव
कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन से जुड़े नियमों में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सेबी के एक सर्कुलर के मुताबिक, संशोधित व्यवस्था के तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम शुरुआती मार्जिन 6 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
वहीं, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए यह 8 प्रतिशत और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए 10 प्रतिशत होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.