भूपेन हजारिका को पीएम मोदी ने बताया सच्चा देशभक्त, ‘नाराज फूफा’ बयान से विपक्ष पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी ने डॉ. भूपेन हजारिका को सच्चा देशभक्त और महान राष्ट्रवादी बताया।
- कहा कि हजारिका ने अपने गीतों के जरिए भारत की भावनाओं को आवाज दी।
- पीएम ने ‘नाराज फूफा’ बयान के जरिए विपक्ष पर निशाना साधा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भूपेन हजारिका को याद करते हुए महान राष्ट्रवादी और सच्चा देशभक्त बताया। साथ ही असम की समृद्ध संस्कृति और वहां के कलाकारों की सराहना की।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। बिना किसी का नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों से कुछ लोग 'नाराज फूफा' की तरह घूमते रहते हैं। ऐसे लोगों को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, शायद इससे उन्हें सद्बुद्धि आ जाए।
भूपेन हजारिका ने गीतों में पिरोए भारत के सपने: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने भारत की भावनाओं को स्वर दिया और अपने गीतों के माध्यम से देश के सपनों को पिरोया। उन्होंने भूपेन हजारिका को असम का महान सपूत और सच्चा देशभक्त बताया। पीएम ने कहा कि यह सरकार के लिए गर्व की बात है कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भूपेन हजारिका की विरासत को सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन दा एक कट्टर राष्ट्रवादी और सच्चे देशभक्त थे। उन्होंने हमेशा युवाओं को प्रेरित किया कि देश पर संकट या कठिन समय आने पर वे मातृभूमि के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने को तैयार रहें।
पीएम मोदी ने भूपेन हजारिका के साथ अपने विशेष जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा असम के महान सपूत होने के साथ-साथ गुजरात के दामाद भी थे। इसी वजह से जब उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण मिला तो उन्हें विशेष खुशी हुई।
'नाराज फूफा' वाले बयान से विपक्ष पर निशाना
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। भले ही लोगों की भाषा, खानपान और रहन-सहन अलग-अलग हों, लेकिन विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य सभी का एक है।
पीएम मोदी ने कहा कि ऐसी बातें उन लोगों को अच्छी नहीं लगतीं, जो आपसी मतभेदों के सहारे सत्ता हासिल करने के सपने देखते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे लोग भारत को टुकड़ों में देखते हैं और देश की उपलब्धियों पर नाराज 'फूफा' की तरह घूमते रहते हैं।
प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, 'मैं कहूंगा कि ऐसे 'नाराज फूफा' को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए। शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए।'
असम की संस्कृति से दुनिया ने देखी भारत की विविधता
प्रधानमंत्री मोदी ने असम की सांस्कृतिक विरासत और वहां के कलाकारों की प्रस्तुतियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि असम की संस्कृति को पूरी दुनिया ने देखा है। बोडो समुदाय के कलाकारों की ओर से बागुरुम्बा नृत्य की प्रस्तुति ने भारत की विविधता का शानदार दृश्य दुनिया के सामने रखा।
चाय बागानों के कलाकारों की प्रस्तुति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब हजारों कलाकारों ने झूमुर नृत्य के रंग बिखेरे तो एक 'चायवाले' को भी बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति के जरिए पूरी दुनिया के सामने एक पूरे समुदाय की प्रतिभा सामने आई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के विभिन्न जिलों के कलाकार एक बार फिर उसी उत्साह और उमंग के साथ दिल्ली पहुंचे हैं और अपनी संस्कृति की झलक पेश कर रहे हैं।
उषा मंगेशकर को मिला भूपेन हजारिका की स्मृति में शुरू हुआ पहला पुरस्कार
पीएम मोदी ने बताया कि असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका की याद में एक नए पुरस्कार की शुरुआत की है। इस पुरस्कार के पहले सम्मान से उषा मंगेशकर को सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल असम और पूर्वोत्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय कला और सामूहिक चेतना का उत्सव है। प्रधानमंत्री ने खुशी जताई कि गुवाहाटी से शुरू हुआ भूपेन हजारिका का जन्म शताब्दी समारोह देश की राजधानी दिल्ली में संपन्न हो रहा है।
पीएम मोदी ने उस विशेष अवसर को भी याद किया, जब 11 हजार कलाकारों ने एक साथ बिहू नृत्य की प्रस्तुति दी थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता के साथ उसकी एकता को भी दर्शाते हैं। अलग-अलग भाषाओं, खानपान और रहन-सहन के बावजूद सभी भारतीय विकसित भारत के साझा संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.