टाटा ग्रुप में फिर कानूनी घमासान, चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को टाटा ट्रस्ट ने दी चुनौती

HIGHLIGHTS
- एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे टाटा ट्रस्ट्स।
- सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और रतन टाटा ट्रस्ट ने कानूनी चुनौती देने का फैसला किया।
- 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में फरवरी 2027 से शुरू होने वाले पांच साल के कार्यकाल को मंजूरी मिली थी।
मुंबई। नोएल टाटा के समर्थन वाले टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू करने का निर्णय लिया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कई महीनों से जारी इस विवाद के बीच सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और रतन टाटा ट्रस्ट अब बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख करने की तैयारी में हैं।
विवाद की शुरुआत 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक से जुड़ी है। इस बैठक में फरवरी 2027 से शुरू होने वाले चंद्रशेखरन के अगले पांच साल के कार्यकाल को मंजूरी दी गई थी।
ट्रस्ट्स का कहना है कि इस प्रस्ताव को टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के तहत जरूरी वोट हासिल नहीं हुए। ऐसे में उनके मुताबिक, इस फैसले को वैध नहीं माना जा सकता।
टाटा ट्रस्ट्स कोर्ट का रुख क्यों कर रहे हैं?
इस पूरे मामले में एक तकनीकी, लेकिन अहम सवाल है कि क्या चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को टाटा संस के निर्धारित नियमों के मुताबिक मंजूरी मिली थी? ट्रस्ट्स का मानना है कि ऐसा नहीं हुआ।
उनका तर्क है कि चेयरमैन की नियुक्ति या दोबारा नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण फैसलों के लिए बैठक में मौजूद ट्रस्ट द्वारा नामित निदेशकों के बहुमत का समर्थन जरूरी है।
ट्रस्ट्स के मुताबिक, 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में यह जरूरी शर्त पूरी नहीं की गई थी। इसी आधार पर वे बॉम्बे हाई कोर्ट से प्रस्ताव को अमान्य घोषित करने और कंपनी को इस फैसले पर आगे बढ़ने से रोकने की मांग करने जा रहे हैं।
सितंबर की बोर्ड बैठक में क्या हुआ था?
चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल पर चर्चा के दौरान हुई बोर्ड बैठक में ट्रस्ट्स की ओर से नामित दोनों निदेशकों के बीच मतभेद सामने आया था। नोएल टाटा ने पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव के विरोध में वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके पक्ष में मतदान किया।
ट्रस्ट के दोनों प्रतिनिधियों की राय अलग-अलग होने के बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया।
उनके इसी निर्णायक वोट के आधार पर चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल को मंजूरी मिल गई। हालांकि, अब ट्रस्ट्स का कहना है कि कंपनी के नियमों के तहत जरूरी सकारात्मक वोटों की जगह कास्टिंग वोट का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
टाटा के ढांचे को समझें
यह विवाद इसलिए भी असामान्य है, क्योंकि टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स का आपस में बेहद करीबी संबंध है। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में सबसे बड़ी हिस्सेदारी टाटा ट्रस्ट्स के पास है।
बहुमत हिस्सेदारी के चलते ट्रस्ट्स की पारंपरिक रूप से समूह के महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका रही है।
कॉर्पोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ कृष्ण अय्यर के मुताबिक, यही वजह है कि यह विवाद केवल किसी एक अधिकारी के भविष्य को लेकर असहमति तक सीमित नहीं है।
असल सवाल यह है कि बोर्ड के अहम फैसलों में ट्रस्ट द्वारा नियुक्त निदेशकों की भूमिका कितनी प्रभावी होगी और अगर उनके बीच सहमति नहीं बनती है, तो क्या उनके प्रभाव को दरकिनार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि कोर्ट जाने का फैसला ट्रस्ट्स के आंतरिक मतदान के बाद लिया गया। इस कदम के समर्थन में नोएल टाटा, नेविल टाटा और भास्कर भट ने वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह इसके विरोध में रहे।
अगले कुछ दिन क्यों हैं अहम?
इस मामले में अदालत का रुख करने का समय भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टाटा संस के बोर्ड की अगली बैठक 30 नवंबर को प्रस्तावित है।
ट्रस्ट्स को आशंका है कि आने वाले समय में दूसरे प्रस्तावों पर भी निदेशकों के बीच मतभेद हो सकते हैं और इस तरह के विवाद दोबारा सामने आ सकते हैं। इसी कारण वे अगली बोर्ड बैठक से पहले अदालत से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
इसके अलावा, टाटा ट्रस्ट्स ने कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने का दावा भी किया है। इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.